MP में मिला था भारी मात्रा में विस्फोटक, सेना ने 4 दिन में नष्ट किए हजारों बम
जबलपुर. खजरी खिरिया बायपास स्थित रजा मेटल इंडस्ट्री में गत माह तेज विस्फोट के बाद मौके पर भारी मात्रा में मिले बम और बमों के खोल मिले थे। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड-एनएसजी और नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी-एनआईए की जांच में बम और उनके खोल को जब्त किया गया था। कुछ विस्फोटक का विनिष्टीकरण भी किया गया था लेकिन विस्फोटक की मात्रा इतनी अधिक थी कि विनिष्टीकरण पूण नहीं हो पा रहा था। विस्फोटक और उसके अवशेष के कारण घटनास्थल असुरक्षित था।
सुरक्षा की दृष्टि से शेष विस्फोटकों को ढूंढकर उनके विनिष्टीकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से सेना के मध्य भारत क्षेत्र और सीओडी अधिकारियों से सहयोग मांगा गया था। उसके बाद सेना और सीओडी ने 13 से 16 मई तक घटनास्थल से शेष विस्फोटक के अवशेष को एकत्रित किया। चार दिन तक चली प्रक्रिया में घटनास्थल से मिले हजारों बमों का सुरक्षित तरीके से विनिष्टीकरण किया गया। इससे अब घटनास्थल में नए विस्फोट का अंदेशा समाप्त हो गया है।
रजा मेटल इंडस्ट्री का संचालक फरार हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शमीम का बेटा फहीम है। यहीं पर शमीम का कबाड़खाना भी था, जिसमें बड़े धमाके बाद जांच में कई प्रतिबंधित विस्फोटक मिले थे। अधारताल पुलिस ने घटना के बाद फहीम और कबाड़ के व्यापार में उनके साझेदार सुल्तान के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने फरार शमीम को गिरफ्तार करने के लिए 15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।
