MP में पोलिंग बूथ पर गड़बड़ी करती पकड़ाई पीठासीन अधिकारी तो कान पकड़कर मांगने लगी माफी
उज्जैन. लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे और मध्य प्रदेश के आखिरी चरण के मतदान के दिन 8 सीटों पर वोटिंग के बीच उज्जैन लोकसभा सीट पर वबाल खडा हो गया। यहां कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार ने एक बूथ की मुख्य पीठासीन अधिकारी पर मोदी के नाम पर भाजपा में वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए थे। अब इस मामले में महिला पीठासीन अधिकारी का माफी मांगते हुए वीडियो सामने आया है। कांग्रेस का दावा है कि पकडे जाने पर जब महिला अफसर से पूछा गया तो उन्होंने माफी मांगनी शुरू कर दी। फिलहाल कलेक्टर ने अफसर को तत्काल बूथ से हटाते हुए जांच के आदेश दे दिए है।
सामने आए वीडियो में मुख्य पीठासीन अधिकारी वीडियो बनाने वाले शख्स से माफी मांगती दिखाई दे रही है। वो बार-बार शख्स के हाथ और पैर जोडते हुए आई एम सॉरी कह रही है। साथ ही आगे ऐसी गलती न होने का भी आश्वासन दे रही है। वहीं कांग्रेस इसी वीडियो का हवाला देकर पोलिंग बूथ के बाहर धरना दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि महिला पीठासीन अधिकारी पोलिंग बूथ के भीतर ही मोदी का हवाला देते हुए भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील कर रही थी। फिलहाल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से भी इसकी शिकायत की है।
