शहर में लाइटिंग फाउंटेन से जगमग हुए पांच चौराहे, छठवें का ट्रायल शुरू

ग्वालियर. शहर के सिटी सेंटर स्थित राजमाता चौराहा और झांसी रोड स्थित विवेकानंद तिराहा के बाद तीन अन्य तिराहे व चौराहे भी लाइटिंग फाउंटेन से जगमग होना शुरू हो गए हैं। इनमें झलकारी बाई चौराहा के पास दो स्थानों के साथ ही गोला का मंदिर रोटरी पर भी रंगीन फाउंटेन शुरू हो गए हैं। शहर में कुल छह स्थानों का चयन किया गया था। इनमें से अब सिर्फ मोतीमहल स्थित जमुना बाग नर्सरी के सामने तिराहे का काम बाकी रह गया है। रविवार को इसका ट्रायल भी किया गया। इस दौरान फाउंटेन को चलाकर देखा गया।
नगर निगम के पार्क विभाग के माध्यम से शहर सुंदरीकरण कार्य के क्रम में शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर फाउंटेन लगाने का काम किया जा रहा है। इसमें पहले चरण में राजमाता चौराहा और विवेकानंद तिराहा पर सुंदर फाउंटेन शुरू कराए गए थे। इन फाउंटेन को लगाने का उद्देश्य यह भी है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की गाइडलाइन के अनुसार शहर में वायु प्रदूषण को भी कम किया जाना है। ऐसे में इन फाउंटेन को शुरू कराया गया है। गर्मी के मौसम में जब लोग फाउंटेन के नजदीक से गुजरते हैं, तो हल्की ठंडक का भी अहसास होता है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से फाउंटेन के साथ ही आटोमैटिक पैनल लाइटिंग भी की गई है, जिनसे रोटरी भी सुंदर और आकर्षक नजर आती है। पांच स्थानों पर शाम को सात बजे से रात 10 बजे तक फाउंटेन का संचालन किया जाता है। अब जल्द ही मोतीमहल स्थित तिराहे के डिवाइडर पर भी शाम के समय फाउंटेन चलता हुआ नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *