रीवा पुलिस ने 6 माह के अपहृत बालक को ढूंढकर परिजनों को सौंपा, 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रीवा, पुलिस ने 7 मई की रात कॉलेज चौराहे से अपहृत किए गए 6 माह के बालक को तलाशने और उसे परिजन को सौंपने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उल्लेखनीय है कि 7 मई की रात 6 माह का बालक कॉलेज चौराहे पर अपने माता-पिता के पास सो रहा था। तभी 2 आरोपी उसे उठाकर मोटर सायकल से भाग निकले थे। मामले में बालक के परिजन ने रीवा पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई थी। रीवा पुलिस ने आरोपियों को 5 दिन में ही मऊगंज और महाराष्ट्र के कल्याण से पकड़ा और बच्चे को उसके माता-पिता तक सकुशल पहुंचाया। बच्चे के माता-पिता फेरी लगाकर अपना भरण-पोषण करते हैं।
बच्चे को मुंबई से पुलिस ने किया बरामद
जांच में पाया गया कि आरोपी नितिन सोनी अपनी पत्नी स्वाती के साथ मउगंज आया था। जिसने अपने साथी मो. हारून, मो. सलीम, मुस्कान रावत, देवेश जायसवाल और गुड्डू गुप्ता के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई। योजना के तहत वे 6 माह के बच्चे को किडनैप कर महाराष्ट्र के मुंबई शहर ले गए। जहां नितिन और स्वाती ने बच्चे को अमोल मधुकर, अरवी उर्फ सेजल और प्रदीप कोलम्बे को 8 लाख रुपए में बेच दिया। उसी बच्चे को अमोल मधुकर और सेजल ने श्रीकृष्ण संतराम पाटिल को 29 लाख रूपए में बेच दिया। अमोल मुंबई के एक जाने-माने अस्पताल में अटेंडेंर का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी अर्बी एक शेयर ट्रेडिंग कंपनी के लिए काम करती है। वहीं कृष्ण संतराम पाटिल महाराष्ट्र के रायगढ़ का रहने वाला है। शादी के कई साल बाद भी उसे कोई संतान नहीं थी तो उसने आरोपियों के साथ मिलकर 29 लाख रुपए में बच्चे का सौदा तय कर डाला।
आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रीवा पुलिस ने मामले में मोहम्मद सलीम अंगारी उर्फ असलम पिता मोहम्मद मलाम अंसारी (19) निवासी मऊगंज, मोहम्मद हारूल उर्फ मुंगेरी पिता मोहम्मद जाहिद (24) मऊगंज, दीवेश जायसवाल उर्फ दादा पिता मुनिमाधव जायसवाल (24) निवासी मऊगंज जिला मऊगंज हाल संजय नगर थाना समान जिला रीवा, मुस्कान रावत उर्फ पार्वती उर्फ पारो पिता देमान रावत (19) निवासी मऊगंज, नितिन सोनी पिता राजेश सोनी (26) वर्ष निवासी कल्याण महाराष्ट्र, स्वाती सोनी पति नितिन सोनी (24) निवासी कल्याण महाराष्ट्र, अमोल अरुणकर पिता मधुकर (35) कल्याण, अर्बी उर्फ सेजल पति अमोल मधुकर अरुणकर (32) निवासी कल्याण, प्रदीप कोलाम्बे निवासी कल्याण, श्रीकृष्ण संताराम पाटिल पिता संताराम (53) निवासी मुखाकचली जिला रायगढ़ महाराष्ट्र, गुड्डू पिता गोविंद प्रसाद (22) निवासी मऊगंज को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। जबकि अतुल पिता रजनीश जायसवाल (25) निवासी मऊगंज की तलाश पुलिस कर रही है।
