दिल्ली जा रही ओवर लोड ट्रेन के कोच का आधा सामान ग्वालियर में उतारा

ग्वालियर. सवारी और सामान अधिक होने के कारण सड़कों पर चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के बैठने के कई मामले नजर आते हैं, लेकिन लोहे की पटरियों पर दौड़ने वाली ट्रेन को क्षमता से अधिक सामान भरा होने के कारण रोका जाना कम ही सुना होगा। रात चेन्नई सेंट्रल से चलकर नई दिल्ली जाने वाली जीटी एक्सप्रेस ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और बुक हुए सामान के बोझ के कारण रोक दी गई। सूचना मिलने पर रेलवे के कैरिज एंड वैगन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच करने के बाद ट्रेन में बुक सामान को उतारकर आगे के लिए रवाना किया।
ऐसे हुआ अनुमान
जानकारी के अनुसार जीटी एक्सप्रेस में चेन्नई से ही एसएलआर कोच में क्षमता 3.9 टन से लगभग दोगुना अधिक माल चढ़ाया गया। इसके अलावा अन्य स्टेशनों से भी कोच में अतिरिक्त सामान लोड हुआ। इसके चलते कंपन और झटकों को कम करने के लिए लगाए गए कोच के बफर स्प्रिंग बैठने लगे। ट्रेन जब भोपाल से रवाना हुई तो लोको पायलट को इसका आभास भी हुआ। उसने झांसी स्थित कंट्रोल को सूचना दी, लेकिन झांसी में ट्रेन की जांच नहीं की गई।
ट्रेन अपने निर्धारित समय से 1:38 घंटे की देरी से रात 1:33 बजे ग्वालियर पहुंची तो कंट्रोल से मैसेज मिलने के बाद कैरिज एंड वैगन विभाग के अधिकारी स्टेशन पहुंचे। उन्होंने एसएलआर कोच को चेक किया तो पाया कि उसमें सामान अधिक था। ऐसे में ट्रेन से 3648 किलो (3.6 टन) सामान उतारा गया। इस दौरान ट्रेन लगभग दो घंटे तक ग्वालियर स्टेशन पर ही खड़ी रही। रात 3:38 बजे उसे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। कैरिज एंड वैगन विभाग और अन्य स्थानीय कर्मचारियों ने एक ज्वाइंट नोट भी तैयार कर झांसी स्थित मंडल कार्यालय भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *