अग्निवीर भर्ती की शारीरिक परीक्षा ग्वालियर में ही कराने पर असमंजस में पुलिस प्रशासन
ग्वालियर. भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा चल रही है। यह परीक्षा संपन्न होने के कुछ दिन बाद ही परीक्षा परिणाम आ जाएगा। उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही शारीरिक प्रवीणता परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इस बार शारीरिक परीक्षा ग्वालियर में ही आयोजित कराने के लिए भारतीय सेना ने गृह विभाग को पत्र लिखा था। गृह विभाग से ग्वालियर में शारीरिक परीक्षा आयोजित कराने को लेकर कलेक्टर को पत्र आ गया है। इसके बाद भारतीय सेना के अधिकारी कलेक्टर रूचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह से मिले लेकिन पुलिस और प्रशासन यहां शारीरिक परीक्षा कराने को लेकर अब तक स्वीकृति नहीं दे सका है। पुलिस-प्रशासन असमंजस में है क्योंकि 8 साल पहले सेना भर्ती रैली के दौरान ग्वालियर में दंगा हुआ था लेकिन उस समय एक साथ 10-10 हजार अभ्यर्थी रैली में आते थे अब यह स्थिति नहीं है।
अब लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल अभ्यर्थियों की संख्या ही 10 हजार से कम होती है, इसलिए आसानी से शारीरिक परीक्षा कराई जा सकती है, फिर भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी भारतीय सेना को स्थिति स्पष्ट नहीं की है। भारतीय सेना के अधिकारियों को प्रशासन की हरी झंडी का इंतजार है, इसके बाद यहां शारीरिक भर्ती कराने को लेकर तैयारी शुरू हो जाएंगी।
