एक महीने में 5 रुपये बढ़ गए दूध के दाम

रायपुर. पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी होने से दूध व उससे बनने वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी होने लगी है। बीते माह भर में दूध की कीमतों में ही पांच रुपये लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। इसके साथ ही दूध से बनने वाले उत्पाद खोवा, पनीर व मक्खन के भी दाम बढ़ गए है। डेयरी संचालकों का कहना है कि पशुओं को हरा चारा मिल नहीं पाता और इसके चलते पशु आहार पर निर्भरता बढ़ है। आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
ऐसे बढ़े हैं दाम
पिछले महीने तक 350 रुपये किलो में बिकने वाले खोवा के दाम अब 400 रुपये किलो हो गया है। वहीं, दही की कीमतें भी 80 रुपये से बढ़कर 90 रुपये हो गई है। इसी प्रकार पनीर भी 360 रुपये किलो से बढ़कर 380 रुपये किलो तक बिक रहा है। डेयरी कारोबार से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि पशु आहार की कीमतों में ही बढ़ोतरी हो गई है,उसका असर ही कीमतों में पड़ा है।
पशु आहार की कीमतों में जबर्दस्त उछाल
डेयरी संचालकों का कहना है कि पशु आहार की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी रही है। इन दिनों मिक्स दाना 2,500 रुपये से बढ़कर 2,900 रुपये प्रति क्विंटल, मक्का दाना 2,950 रुपये से बढ़कर 3,150 रुपये प्रति क्विंटल, चोकर 2,100 रुपये से बढ़कर 2,600 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों खली 3,200 रुपये से बढ़कर 3,800 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण ही दूध व उससे बनने वाले पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *