एमपी में लाड़ली लक्ष्मी योजना जारी रहेगी-मुख्यमंत्री
सागर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर के बिलहरा में कहा है कि मध्यप्रदेश में जहां-जहां भगवान राम और कृष्ण ने अपने चरण रखे हैं। उन स्थानों को तीर्थ बनाया जायेगा। यह काम हमारी सरकार करेगी। वह बिलहरा में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस वाले कहते थे कि लाड़ली लक्ष्मी योजना केवल चुनाव तक रहेगी और बाद में बन्द हो जायेगी। पैसे नहीं हैं, इतने पैसे कहां से लाओगे? हमने तब भी कहा था और आज भी कह रहे हैं कि झूठ बोलना भाजपा वालों की पहचान नहीं हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना न तब बंद हुई, न आज बंद हुई, न अगले चुनाव तक बंद होगी। बहनों के लिये सभी योजनायें जारी रहेंगी।
उन्होंने कहा है कि हमारी संस्कृति जीओ और जीने दो की है। यह सभी को प्यार करना सिखाती है। इसीलिये दूसरे देश भी हमारी ओर देखते हैं। बिलहरा के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गुना के लिये रवाना हुए।
मंत्री राजपूत बोले- कमलनाथ का झूठ किसी को रास नहीं आया
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंच से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘विधानसभा चुनाव के समय मुख्यमंत्री के दावेदार कमलनाथ ने कहा था कि हम भी लाड़ली बहनों को पैसा देंगे। लेकिन, उनका झूठ किसी को रास नहीं आया। महिलाओं ने दोनों हाथ से हमें वोट दिए। कांग्रेस सरकार खत्म, कमलनाथ खत्म। आज मप्र में भाजपा की सरकार बनी है तो उसमें सबसे बड़ा योगदान हमारी बहनों का है।’
