बैंक खाते फ्रीज करने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची कांग्रेस, राहुल बोले हमारे पास चुनाव लड़ने के पैसे नहीं
नई दिल्ली. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं, मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। खरगे ने कहा कि भाजपा ने गलत तरीके से चंदा लेकर अपनी झोली भर ली और कांग्रेस के खाते फ्रीज करवा दिए। अब कांग्रेस के सामने चुनाव लड़ने का संकट पैदा हो गया है।
कांग्रेस बोली कमजोर करने की सोची-समझी साजिश
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। हमारे पास प्रचार के पैसे नहीं हैं। हमें सीताराम केसरी जी के समय के फंड को लेकर नोटिस दिए जा रहे हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा है। यह कांग्रेस नहीं, लोकतंत्र पर हमला है। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को अवैध और असंवैधानिक बताया। उस योजना के तहत मौजूदा सत्ताधारी दल ने अपने खातों में हजारों-करोड़ों रुपये भर लिए। वहीं, एक साजिश के तहत मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। ताकि, धन के अभाव में चुनाव लड़ने में कोई समान अवसर न मिले। यह सत्ताधारी दल का एक खतरनाक खेल है जिसका दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। अगर इस देश में लोकतंत्र को बचाना है, तो यह जरूरी है कि सभी के एक समान अवसर होना चाहिए।
