धार भोजशाला का ज्ञानवापी की तर्ज पर होगा सर्वे, इन्दौर हाईकोर्ट का आदेश, 6 विशेषज्ञ 6 हफ्ते में सौपेंगे रिपोर्ट
इन्दौर. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इन्दौर बैंच ने ज्ञानवापी की तरह से धार भोजशाला का सर्वे कराने के आदेश दिये हैं। सोमवार को इस प्रकरण पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने ऑर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया () को एक्सपर्ट की टीम बनाने के लिये कहा है। इस टीम को 6 सप्ताह में रिपोर्ट सौंपनी होगी।

इन्दौर हाईकोर्ट ने इस वैज्ञानिक सर्वे को जीपीआर-जीपीएस तरीके से करने के लिये कहा है। जीपीआर यानी ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार पर जमीन के अंदर विभिन्न स्तरों की हकीकत जांचने की तकनीक है। इसमें राडार का उपयोग होता है। यह अदृश्य यानी छिपी वस्तुओं के विभिन्न स्तर रेखाओं और संरचनाओं का माप लेता है। इसी प्रकार जीपीएस सर्वे यानी ग्लोबल पॉजिशनिंग सिस्टम के तहत भी सर्वे किया जायेगा। पूरे सर्वे की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जायेगी।
भोजशाला की याचिका के बिंदू के आधार पर मांग स्वीकार
हिन्दू फ्रंट फॉर जस्टिस ने 1 मई 2022 को इन्दौर हाईकोर्ट में यह याचिका दायर की थी। इसमें कहा गया था कि हर मंगलवार को हिन्दू भोजशाला में यज्ञ कर उसे पवित्र करते और शुक्रवार को मुसलमान नमाज के नाम पर यज्ञ कुण्ड को अपवित्र कर देते हैं इसे रोका जाये। भोजशाला का पूर्ण आधिपत्य हिन्दूओं को सौंपा जाये और इसके लिये जरूरत हो तो संपूर्ण भोजशाला की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और खुदाई करवाई जाये। हाईकोर्ट ने इन बिन्दुओं के आधार पर सर्वे की मांग स्वीकार कर ली गयी है।
क्या है भोजशाला विवाद
जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार भोजशाला राजाभोज ने बनवाई थी। यह विश्वविद्यालय थी, जिसमें बागदेवी की प्रतिमा स्थापित की गयी थी। मुस्लिम शासक ने इसे मस्जिद में परिवर्तित कर दिया था। इसके अवशेष प्रसिद्ध मौलाना कमालुद्दीन में रखी है। भोजशाला में मंगलवार हिन्दू पक्ष को पूजा-अर्चना करने की अनुमति है। शुक्रवार को मुस्लिम पक्ष को नमाज पढ़ने के लिये दोपहर1 से 3 बजे तक प्रवेश दिया जाता है।
दोनों पक्षों को निःशुल्क प्रवेश मिलता है। बाकी दिनों में 1 रूपये का टिकट लगता है। इसके अलावा बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा के लिये हिन्दू पक्ष को पूरे दिन पूजा और हवन करने की अनुमति है। वर्ष 2006, 2012 और 2016 में शुक्रवार को बसंत पंचमी आई तो विवाद की स्थिति बनी। बसंत पंचमी पर हिन्दू पक्ष को पूजा जबकि शुक्रवार होने से मुस्लिमाऐं को नमाज की अनुमति भी है। ऐसे में बसंत पंचमी शुक्रवार को आने पर समझाइश के बीच पूजा और नमाज दोनों करवाये जाते हैं। अगली बार ऐसी स्थिति 20296 में बन सकती है।
यह है भोजशाला का इतिहास
हिंदू पक्ष का कहना है कि यह सरस्वती देवी का मंदिर है। सदियों पहले मुसलमानों ने इसकी पवित्रता भंग करते हुए यहां मौलाना कमालुद्दीन की मजार बनाई थी। भोजशाला में आज भी देवी-देवताओं के चित्र और संस्कृत में श्लोक लिखे हुए हैं। अंग्रेज भोजशाला में लगी वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन ले गए थे।याचिका में कहा गया है कि भोजशाला हिंदुओं का उपासना स्थल है। मुसलमान नमाज के नाम पर भोजशाला के भीतर अवशेष मिटाने का काम कर रहे हैं।
