भाजपा में शामिल 63 नेताओं में 56 हाशिए पर, सिंधिया सहित 7 नेताओं को ही अहम जिम्मा

भोपाल. कमलनाथ परिवार के भाजपा में शामिल होने की सुगबुगाहट के बीच एक सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। 18 फरवरी को सामने आई इस सूची में ऐसे भाजपा नेताओं के नाम थे जो कांग्रेस छोडकर आए है। दावा किया गया था कि जब ये कांग्रेस में थे तो पर्याप्त सम्मान मिलता था लेकिन अब भाजपा में हाशिए पर है। इस सूची की पडताल के लिए इसमें शामिल नेताओं से बात की। उनसे जाना कि क्या वाकई इस दावे में दम है। पता लगा कि पिछले 5 साल में भाजपा में गए 63 नेताओं में 56 हाशिए पर है। 7 नेता ही मंत्री या विधायक है।


कई पूर्व विधायकों को टिकट भी नहीं मिला
पिछले पांच साल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए अधिकतर नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में तो कुछ को जिला संगठन में समायोजित किया गया है। कई पूर्व विधायकों को इस बार पार्टी ने टिकट से भी वंचित कर दिया। इसके बावजूद वे ये कहकर अपना बचाव कर रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां कब किस कार्यकर्ता की किस्मत पलट जाए, कहा नहीं जा सकता। कांग्रेस में तो कोई भी पद और दायित्व बड़े नेताओं या फिर उनके बेटे को सौंपा जाता है।
पूर्व विधायक बोले कांग्रेस अंतर्कलह और नेता के कारण गुमराह
कांग्रेस से भाजपा में गए श्योपुर जिले के पूर्व विधायक बृजराज सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। इससे बड़ा सम्मान और क्या मिलेगा? ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के साथ भाजपा में आया था। किसी भी पार्टी में एक साथ सभी को टिकट देना या पदों की जिम्मेदारी देना संभव नहीं है। यहां हर कार्यकर्ता को उसकी योग्यता के अनुसार पद और सम्मान दिया जाता है। कांग्रेस अपने अंतर्कलह और अपने शीर्ष नेता (राहुल गांधी) के कारण गुमराह है।
कार्य संस्कृति में अंतर, सम्मान पाना या न पाना खुद पर निर्भर
सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुए विदिशा के पूर्व मंत्री रघुवीर सिंह ने कहा कि मान-सम्मान पाना अपने ऊपर होता है। भाजपा में सभी के कार्य और दायित्व तय हैं। दोनों पार्टियों की कार्य संस्कृति में बहुत अंतर है। कांग्रेस में टूटन से उसके नेता घबराहट में मनगढ़ंत बातें कर रहे हैं।
जहां हमारे नेता, वहां हम खुश, दायित्व भी मिल ही जाएगा
शिवपुरी जिले की रहने वाली पूर्व विधायक शकुंतला खटीक कहती हैं कि मैं तो सिंधिया जी के साथ भाजपा में शामिल हुई थी। महाराज को सम्मान मिला, वो ही मेरे लिए बड़ी बात है। भाजपा में बहुत मान-सम्मान है, यहां कोई दिक्कत नहीं है। जहां हमारे नेता हैं, वहां पर हम हैं। रही बात दायित्व की, तो वो भी मिल जाएगा।
कांग्रेस अपनी चिंता करे, देश कांग्रेस मुक्त होने की राह पर
मुरैना से कांग्रेस के पूर्व विधायक राकेश मावई भी अब भाजपा में आ चुके हैं। वे कहते हैं कि कांग्रेस को आखिर भाजपा नेताओं की चिंता क्यों होने लगी? कांग्रेस से अधिक भाजपा में सम्मान है। कांग्रेस वाले सोशल मीडिया या अखबार नहीं देख रहे हैं। देश कांग्रेस मुक्त हो रहा है। वे अपनी चिंता करें, हमारी चिंता न करें।
कांग्रेस से भाजपा में आए ये नेता अहम पदों पर
प्रद्युम्न सिंह तोमर- कांग्रेस में रहते हुए भी मंत्री थे। भाजपा में भी मंत्री बनाए गए हैं। एकमात्र मंत्री हैं, जिसे पिछला ऊर्जा विभाग मिला है।
तुलसी सिलावट- सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुए। पार्टी से विधायक हैं और प्रदेश सरकार में फिर मंत्री बनाए गए हैं।
गोविंद सिंह राजपूत- सिंधिया समर्थक हैं। पिछली बार भी मंत्री थे। इस बार भी मंत्री बनाए गए हैं।
बिसाहूलाल सिंह- अनूपपुर से विधायक हैं। पिछली बार मंत्री थे। इस बार टिकट पर संशय था, लेकिन पार्टी ने फिर मौका दिया।
जगत बहादुर सिंह अन्नू- जबलपुर के महापौर हैं। भाजपा में शामिल हुए। यहां भी महापौर हैं। नई एमआईसी का गठन अभी बाकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *