बदलते भारत की स्वास्थ्य नीतियों पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस शुरू, 400 से अधिक विशेषज्ञ कर रहे हैं मंथन

कम्युनिटी मेडीसन पर हो रही राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
रोगों की उत्पत्ति रोकने के लिये पुरातन भारतीय जीवनशैली का अध्ययन भी हो – श्री तोमर
ग्वालियर, ‘बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में क्रांति : नीति, व्यवहार और जनभागीदारी का एकीकरण’ विषय पर आयोजित हो रही राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस शुक्रवार से शुरू हुई। इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में देश के 400 से अधिक जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ मंथन कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा आयोजित 12वी साउथ सेंट्रल जोन इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन कॉन्फ्रेंस (XII SCZ-IAPSMCON 2026) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केवल चिकित्सा सुविधाओं और अधोसंरचना का विस्तार करने से स्वस्थ समाज का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए आवश्यक है कि रोगों की उत्पत्ति रोकने पर ध्यान दिया जाए। श्री तोमर ने कहा प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच शोध का दायरा बढ़ाने और बचाव के प्रभावी उपाय विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने चिकित्सा वैज्ञानिकों से आधुनिक शोध के साथ पुरातन भारतीय जीवनशैली, दिनचर्या और प्रकृति-अनुकूल पद्धतियों का भी अध्ययन करने का आग्रह किया।
जनभागीदारी से ही सफल होंगी स्वास्थ्य नीतियां – डॉ. कोटवाल
आईएपीएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. अतुल कोटवाल ने कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी के बिना कोई भी स्वास्थ्य नीति जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो सकती। उन्होंने गैर-संचारी रोगों, बदलती जीवनशैली और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना और साक्ष्य आधारित शोध पर जोर दिया। उन्होंने मेडीकल कॉलेजों से अकादमिक शोध और जमीनी जरूरतों के बीच सेतु बनकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा “लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित, स्मारिका का भी हुआ विमोचन
कॉन्फ्रेंस के उदघाटन सत्र में जीआर मेडीकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडीसन विभाग के विभागाध्यक्ष रहे डॉ. अशोक मिश्रा को लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने एसोसिएशन की ओर से “लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल एवं आयोजन सचिव डॉ. अवधेश दिवाकर ने बताया कि यह कॉन्फ्रेंस ‘बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में क्रांति : नीति, व्यवहार और जनभागीदारी का एकीकरण’ विषय पर आयोजित हो रही है। कॉन्फ्रेंस में टीकाकरण, मातृ-शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य, संचारी और गैर-संचारी रोग, डिजिटल हेल्थ, जलवायु परिवर्तन, वन हेल्थ, मानसिक स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत होंगे।
