जीवाजी विश्वविद्यालय अंतिम तारीख से पहले वसूल रहा है लेट फीस
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय में परीक्षा फॉर्म भरने केबीच छात्रों को निर्धारित समय सीमा से पूर्व ही लेट फीस वसूली जा रही है। विश्वविद्यालय में 25 नवम्बर को जारी नोटिफिकेशन में बिना लेट फीस के फॉर्म भरने के अंतिम तारीख 3 दिसंबर तय की है। इसके बाद फॉर्म भरने पर 500 रूपये लेट फीस देने का प्रावधान है। इसके बावजूद पोर्टल पर अभी छात्रों को 500 रूपये अतिरिक्त जमा करने का विकल्प मिल रहा है।
इससे छात्रों को निर्धारित फीस से अधिक राशि चुकानी पड़ रही है। एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर के एक छात्र से 1427 रूपये की जगह पोर्टल शुल्क समेत 1968 रूपये लिये गये। यानी उसे 541 रूपये अतिरिक्त देने पड़े ।छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से पोर्टल की गड़बड़ी दूर करने और अतिरिक्त वसूली रोकने की मांग की है। वहीं, परीक्षा नियंत्रक ने तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जजाते हुए जांच कराने की बात कहीं है।
तकनीकी गड़बड़ी की जांच करा रहे हैं-परीक्षा नियंत्रक
परीक्षा नियंत्रक आशा कुमारी वर्मा ने बताया कि नोटिफिकेशन में 3 दिसंबर तक बिना लेट फीस के फॉर्म भरने की तारीख दी गई है। यदि किसी छात्र के पोर्टल पर इससे पहले लेट फीस दिखाई दे रही है तो इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सिस्टम पर तकनीकी काम चल रहा है। कई बार अधिसूचना जारी होने और आईटी सेल तक जानकारी पहुंचने के बाद पोर्टल अपडेट होने में समय लग जाता है। इस दौरान फॉर्म भरने पर ऐसी समस्या आ सकती है। फिलहाल इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि समय से पहले लेट फीस क्यों दिखाई दे रही है।
