रिश्वत खोर बिजली अधिकारी एई और जेई को 4-4 साल की जेल
ग्वालियर. अवैध बिजली कनेक्शन का केसद दर्ज नहीं करने के एवज 23 हजार रूपये रिश्वत लेने वाले मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 2 तत्कालीन अधिकारियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष न्यायालय ने दोषी ठहराया है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने पूर्व सहायक यंत्री रोहित सेंगर और पूर्व कनिष्ठ सब इंजीनियर अनूप कुमार को 4-4 साल के सश्रम कारावास और 24-24 हजार रूपये जुर्माने की सजा सुनाई। फैसला आते ही दोनों की जमानत निरस्त कर उन्हें हिरासत में लिया गया और ग्वालियर के सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
अभियोजन के अनुसार गेंडेवाली सड़क के न्यू शांतिनगर निवासी योगेन्द्र साहू के मकान की ऊपरी मंजिल पर जनवरी 2018 के शुरूआती दिनों में निर्माण कार्य चल रहा था। इस बीच कामगारों ने बिजली के खम्भे से सीधे तार जोड़कर रोशनी की व्यवस्था कर ली थी। लक्ष्मीगंज जोन की जांच टीम ने मौके पर अवैध कनेक्शन पकड़ लिया और कार्यवाही की चेतावनी दी। अगले दिन योगेन्द्र साहू लक्ष्मीगंज स्थित बिजली घर कार्यालय पहुंचे तो वहां एई रोहित सेंगर और जेई अनूप कुमार ने उनसे कहा कि बिजली चोरी का केस दर्ज होने पर वार्षिक 60’65 हजार रूपये तक का बिल आ सकता है। मामला रफा-दफा करने के एवज में दोनों ने उनसे 30 हजार रूपये मांगे।
शिकायतकर्ता मुकरा, ऑडियो रिकॉर्डिंग और एफएसएल रिपोर्ट बनी आधार
मुकदमे की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू अपने पहले दिए गए बयानों से मुकर गए। उन्हें पक्षद्रोही घोषित किया गया। इसके बावजूद अभियोजन पक्ष ने ऑडियो रिकॉर्डिंग की लिखित प्रतिलिपि, सोडियम कार्बोनेट घोल से जुड़ी विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की सकारात्मक रिपोर्ट, ट्रैप टीम के सदस्यों और स्वतंत्र गवाहों के बयान पेश किए। अदालत ने इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया।
योगेंद्र साहू ने 5 जनवरी 2018 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के सामने शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने उन्हें रिकॉर्डिंग उपकरण देकर बिजली कार्यालय भेजा। वहां बातचीत और मोलभाव के बाद रिश्वत की रकम 23 हजार रुपए तय हुई। 6 जनवरी 2018 को लोकायुक्त टीम ने कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने एई रोहित सेंगर के इशारे पर कार्यालय की खाली मेज की ऊपरी दराज में 23 हजार रुपए रख दिए। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की।
