ग्वालियर में बिट्टा बोले- आतंकवाद पर मोदी सरकार की नीति मजबूत, कहा- मेरा किसी दल से लेना-देना नहीं

ग्वालियर. अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एमएस बिट्टा गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने आतंकवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा, खालिस्तान आंदोलन, चीन के साथ सैन्य स्थिति और उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। बिट्टा ने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की नीति को मजबूत बताया। बिट्टा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में आतंकवाद के कई भयावह दौर देखे हैं। मुंबई, जयपुर और संसद पर हमले, ट्रेनों में बम धमाके और दिवाली के दौरान हुए विस्फोटों ने देश को दहशत में रखा। इन घटनाओं में कई परिवारों ने अपने बच्चों और अपनों को खोया, कई बच्चे अनाथ हुए। उन्होंने कहा कि आज आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति में सख्ती आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था और जवाबी कार्रवाई की क्षमता मजबूत हुई है।


राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी से बात करना जरूरी
चीन के मुकाबले भारतीय सेना की क्षमता को लेकर एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के बयान पर बिट्टा ने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को सोच-समझकर बोलना चाहिए। किसी नीति या व्यवस्था से शिकायत है तो संबंधित अधिकारी प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति के सामने अपनी बात रख सकते हैं। सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों का इस्तेमाल पाकिस्तान, आईएसआई और चीन जैसे देश कर सकते हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी से बात करना जरूरी है।


खालिस्तान समर्थकों को पाकिस्तान और आईएसआई का एजेंट बताया
पंजाब में खालिस्तान आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों पर बिट्टा ने कहा कि सिख समाज को ऐसे लोगों के खिलाफ खुलकर सामने आना चाहिए। उन्होंने खालिस्तान समर्थकों को पाकिस्तान और आईएसआई का एजेंट बताते हुए कहा कि सिख समुदाय का देश की आजादी और सुरक्षा में गौरवशाली योगदान रहा है। तिरंगे का अपमान करने और देश को तोड़ने की बात करने वालों को सिख समाज को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिखों की पगड़ी और पहचान कुर्बानियों से बनी है, इसलिए समाज को इसकी गरिमा और राष्ट्र के सम्मान की रक्षा करनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ की
बिट्टा ने ग्वालियर और दतिया में अपने नियमित आने-जाने का जिक्र करते हुए यहां की सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को वीआईपी सुविधा नहीं, बल्कि खतरे से बचाव के रूप में देखना चाहिए। सुरक्षा में तैनात कर्मचारी भी अपनी जान जोखिम में डालते हैं। उनके मुताबिक, ग्वालियर की सुरक्षा व्यवस्था से दूसरे राज्यों को भी सीखना चाहिए। उन्होंने अपने जीवन में सुरक्षा कारणों से कई हमले झेलने और सुरक्षा कर्मचारियों को खोने का अनुभव भी साझा किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *