मुरैना हाईवे पर हादसे के बाद 10 KM लंबा जाम, दोनों लेन में फंसी हजारों गाड़ियां
मुरैना. तडके छाई कोहरे की हल्की धुंध में तेज रफ्तार वाहन टकरा गए, इसके बाद नेशनल हाईवे 44 पर जाम लगना शुरू हुआ। दोपहर 10 किलोमीटर से लंबा जाम हो गया। आगरा-दिल्ली से मुरैना-ग्वालियर की ओर आने-जाने हजारों वाहन जाम में फंसे है। दोपहर तक यातायात या संबंधित क्षेत्रों के पुलिसकर्मी नजर नहीं आए इसलिए जाम के हालात विकराल हो गए।
सुबह 5 बजे हाईवे किनारे खडे डंपर में घुस गया ट्रक
जानकारी के अनुसार गुरूवार सुबह 5 बजे के करीब देवरी गांव के पास हाईवे किनारे खडे डंपर में तेज रफ्तार में आया ट्रक घुस गया, इसके बाद कोहरे की हल्की धुंध में एक-एक करके पांच वाहन टकरा गए। इसके कारण हाईवे की एक साइड पर आवागमन ठप हो गया। एक लेन बंद होने के कारण दोनों लेन के वाहन एक ही साइड से निकलने लगे तो कुछ ही दूर में दूसरी लेन पर भी जाम लग गया।
काफी लंबा जाम लगा है
दोपहर 1 बजे तक हालात यह थे कि मुरैना से सटे घिरौना हनुमान मंदिर से लेकर गंगापुर तक हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों की कतार लगी थी। आगरा-दिल्ली से मुरैना-ग्वालियर की ओर आने-जाने वाले कंटेनर, ट्रकों से लेकर छोटी कार व अन्य सवारी वाहन करीब 10 किलोमीटर तक फंसे नजर आ रहे है।
जाम खुलवाने कोई नहीं पहुंचा
हालात यह हो गए कि दो पहिया वाहन सवार, हाईवे से किनारे उतरकर, गांव के रास्तों से होकर निकल रहे है। सुबह से दोपहर तक जाम खुलवाने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी या यातायातकर्मी नहीं पहुंचा, जबकि हाईवे का जो हिस्सा जाम से प्रभावित है वह सरासछौला व सिविल लाइन थाने की जद में आता है।
