भारतीय रुपया एशिया में सबसे मजबूत, नवंबर में 2.58% चढ़ा; चीन-जापान की मुद्राओं को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली. लगातार पिटते रुपए ने बाजी पलट दी है। नवंबर में रुपया एशिया की सबसे ज्यादा मजबूत होने वाली करेंसी बन गई। पिछले 8 साल में यह रुपए का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। 7 अक्टूबर को एक डॉलर की कीमत 96.65 रुपए थी, जो आज घटकर 92.45 रुपए पर आ गई। यानी 45 दिनों में 4.35 प्रतिशत की मजबूती। हालांकि साल भर का हिसाब जोड़े तो रुपया अब भी घाटे में है।
दुनिया में एक बाजार है- फॉरेक्स मार्केट, यानी रोकड़ मंडी। ये मंडी किसी एक बिल्डिंग में नहीं होती। ये डिजिटली चलती है, जिसमें दुनियाभर के बैंक, इन्वेस्टमेंट फर्म, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट कंपनियां करेंसी खरीदती-बेचती हैं।
इकोनॉमिक्स का सबसे बुनियादी उसूल है- जिसकी मांग ज्यादा, उसकी कीमत ज्यादा।
दुनिया का 88 प्रतिशत कारोबार डॉलर में होता है। तो सभी देश डॉलर रखना ही चाहेंगे। इसी के चलते सभी देशों के पास जितनी भी विदेशी करेंसी है, उसमें करीब 57 प्रतिशत तो डॉलर ही है। इसीलिए रोकड़ मंडी में भी डॉलर को ग्लोबल करेंसी मान लिया गया है। अब इसी के आधार पर बाकी देशों की करेंसी नापी-जोखी जाती है।
इम्पोर्ट्स और कस्टमर्स का फायदा
भारत कच्चा तेल, सोना, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, केमिकल्स भारी मात्रा में आयात करता है। रुपया मजबूत होने से यह सस्ते होंगे। इससे तेल मार्केटिंग कंपनियों, एयरलाइंस, पेंट, टायर और रोजमर्रा का सामान बनाने वाली कंपनियों का फायदा होगा।
कच्चा माल सस्ता होने से मैन्युफेक्चरिंग गुड्स की लागत कम होगी, जिससे उपभोक्ताओं को यह कम दाम पर बिकेंगे। इंम्पोर्टेड सामान, जैसे- लैपटॉप, कार पार्ट्स, खाने का तेल भी सस्ता होगा।
जिन कंपनियों पर विदेशी कर्ज है, उसे चुकाना आसान होगा। यात्रा के लिए विदेश जा रहे भारतीयों का खर्च कम होगा।
