दोबारा टिकट की आस लगाए सांसदों को PM मोदी ने दिया तगड़ा झटका
नई दिल्ली. आगामी लोकसभा चुनाव में फिर से टिकट की आस लगाए भारतीय जनता पार्टी के सांसदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तगडा झटका दिया है। पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के नेताओं को संकेत दिया कि जिन नेताओं की उम्र 70 साल के पार हो चुकी है या जिनका रिपोर्ट कार्ड ठीक नहीं है पार्टी उन्हें दोबारा मौका नहीं देगी। पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कमल का फूल ही लोकसभा चुनाव में हमारा उम्मीदवार है। उन्होंने कहा कि सबो मिलकर यही प्रयास करना है कि कमल की जीत सुनिश्चित हो। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अपनी इस बात से पीएम मोदी ने दोबारा टिकट की इच्छा रखने वालों को संदेश दिया है कि अगर उनका टिकट कट भी जाए तो भी उन्हें नए प्रत्याशी की जीत के लिए पूरा प्रयास करना है।
तैयार हो गया है सांसदों का रिपोर्ट कार्ड
सूत्रों के मुताबिक, आगामी चुनाव में अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए भाजपा ने पहले ही सांसदों का रिपोर्ट कार्ड बना लिया है। ऐसे में जिनकी रिपोर्ट अच्छी नहीं है या जिन सांसदों की उम्र 70 साल के पार है। उन सांसदों को टिकट नहीं दिया जाएगा। जिन सांसदों का नाम किसी तरह के बड़े विवाद में है, उनका भी टिकट कट सकता है।
टिकट कटेगा, कैसे बंद होगी बोलती
सूत्रों का कहना है कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद उनके सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार हुआ है। टिकट काटने में जनता द्वारा मिली प्रतिक्रिया को ही आधार बनाया जाएगा। ऐसे में टिकट ना मिलने पर बोलती बंद करने का भी इंतजाम पहले ही कर लिया गया है। संभावना यह भी है कि अलग-अलग राज्यों में अच्छा काम करने वाले विधायकों को भी लोकसभा का टिकट दिया जाए।
