सज्जन वर्मा दिल्ली पहुंचे, 15 विधायक छोड़ सकते हैं कांग्रेस
भोपाल. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ एवं उनके छिंदवाडा से सांसद बेटे नकुल नाथ ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। सियासी गलियारों में उनके जल्द भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज है। संभावना है कि दिल्ली में आज उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी समेत भाजपा के कुछ और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है। फिलहाल दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय परिषद की बैठक चल रही है जिसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित है। आज इस अधिवेशन का अंतिम दिन है। उधर कमल नाथ के करीबी नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा भी रविवार सुबह दिल्ली पहुंच गए है।
सज्जन वर्मा ने लिखा – जय श्रीराम
सज्जन सिंह वर्मा ने रविवार सुबह एक्स हैंडल पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा – ‘जय श्रीराम’। इसके साथ उन्होंने एक फोटो भी अटैच की, जिस पर लिखा था- तेरे राम, मेरे राम। तुझमें भी राम, मुझमें भी राम। जय श्रीराम। गौरतलब है कि कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ की तरह सज्जन सिंह वर्मा ने भी एक दिन पहले ही अपने एक्स बायो से कांग्रेस की पहचान हटा दी थी।
