सोशल मीडिया पर व्यूज-फॉलोअर्स बढ़ाने के लिये वीडियो एडिट कर पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए दिखाया, 100 रूपये लौटाने-रसीद वाला हिस्सा डिलीट किया

ग्वालियर. सोशल मीडिया पर व्यूज-फॉलोअर्स बढ़ाने के लिये एक युवक ने यातायात पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए दिखाने वाला अधूरा वीडियो वायरल कर दिया। उसने दोपहिया वाहन छोड़ने की पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग की, लेकिन एडटिंग के बीच 100 रूपये वापिस और 200 रूपये की रसीद लेने वाला हिस्सा डिलीट कर दिया। इससे वीडियो देखने वालों को लगा कि पुलिसकर्मी ने अवैध राशि लेकर वाहन छोड़ा है। पुलिस की पूछताछ में युवक ने वीडियो एडिट करने की बात स्वीकार की और थाने पहुंचकर माफी मांगी है।
यह मामला 30 अक्टूबर का बताया गया है। मुरैना निवासी युवक अपने एक परिचित के साथ दोपहिया वाहन से ग्वालियर आया था। दोनों ने वाहन प्रतिबंधित इलाके में पार्क कर दिया। यातायात अमले ने वाहन जब्त कर झांसी रोड थाना कैम्स में रखवा दिया। वाहन छुड़ाने के लिये युवक अपने साथी के साथ थाने पहुंचा। वहां तैनात आरक्षक ओकेश तोमर ने नियमानुसार 200 रूपये शुल्क जमा कराया। उसकी रसीद देकर वाहन सुपुर्द कर दिया।
चश्मे में लगा था कैमरे से वीडियो बनाया
पूरे घटनाक्रम के दौरान युवक ने स्पाई कैमरा लगे चश्मे से वीडियो रिकॉर्ड किया था। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसने आरक्षक को 300 रूपये दिये थे। इनमें से 100 रूपये उसे तत्काल वापिस कर दिये गये और 200 रूपये की विधिवत रसीद दी गयी। हालांकि सोशल मीडिया पर चर्चा पाने के लिये उसने वीडियो एडिट करते वक्त 100 रूपये लौटाने-रसीद लेने वाला हिस्सा डिलीट कर दिया। इसके बाद अधूरा वीडियो ऑनलाइन प्रसारित किया। लोगों की प्रतिक्रियायें आने के बाद उसने क्लिप हटा दी।
वाहन नंबर से हुई युवक की पहचान
यातायात थाना प्रभारी धनंजय शर्मा के अनुसार, बुधवार को वीडियो सामने आने के बाद जांच शुरू की गई। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवक की पहचान की गई और गुरुवार को उसे ग्वालियर बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने वीडियो बनाने और एडिट कर अधूरा हिस्सा प्रसारित करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि ऑनलाइन शोहरत पाने की जल्दबाजी में ऐसा किया था। युवक ने आगे ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन देते हुए माफी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *