MP में नए साल से बदल सकती है जिलों की जिम्मेदारी, प्रशासनिक युक्तियुक्तकरण का प्रस्ताव तैयार
भोपाल. अगले महीने 13 दिसंबर को मोहन सरकार के तीन साल पूरे हो रहे है। अगले दो साल सरकार के लिए और ज्यादा चुनौती पूर्ण होंगे क्योंकि 2028 में विधानसभा चुनाव होने है ऐसे में सरकार अब राजनीतिक और प्रशासनिक सेटअप को चुनावी लिहाज से दुरूस्त करेगी। अगस्त 2024 में सीएम ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर जिले का प्रभार सीएम ने अपने पास रखा था। दो दिन पहले सीएम ने इंदौर का प्रभार एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप को सौंपा ळै। इस बदलाव के पीछे की वजह है कि कई मंत्री दूरी ज्यादा होने के कारण अपने प्रभार के जिलों में प्रवास पर जा ही नहीं रहे है। मंत्री गण सीएम और संगठन को कई मर्तबा यह बता चुके है कि प्रभार के जिलों की दूरी ज्यादा होने के कारण प्रवास नहीं हो पा रहे है। ऐसे में अब मंत्रियों के प्रभार के जिलों में बदलाव पर मंथन चल रहा है।

सीएम पहले अफसरों फिर मंत्रियों के साथ मंथन करेंगे
सीएम 2 दिसंबर को विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों के साथ मंथन करेंगे, इसके बाद 22 दिसंबर से दो दिनों तक चित्रकूट में मंत्रियों के साथ सीएम चिंतन बैठक करेंगे।
प्रदेश के कई मंत्रियों के गृह जिले और उनके प्रभार वाले जिलों की भौगोलिक दूरी का गणित पूरी तरह गडबडाया हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को हो रही है जिनके प्रभार वाले जिलों की दूरी उनके गृह जिलों से 700 किलोमीटर से भी अधिक है।
प्रवास में दिक्कत, अगले साल बदलेंगे दायित्व
जिलों के प्रभार में बदलाव को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि समय आने पर पार्टी युक्तियुक्तकरण करेगी। जिन मंत्रियों के प्रभार के जिले बहुत दूर है उन्हें वहां प्रवास करने में व्यावहारिक दिक्कतें आ रही है। ऐसे मंत्रियों के जिलों के प्रभार बदलने का प्रस्ताव है। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी तत्काल में ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। वर्तमान में पार्टी के अभियान और संगठन के अन्य जरूरी काम चल रहे है इसलिए नियुक्तियों या कार्यभार जैसे दायित्व परिवर्तन के काम अगले वर्ष मंे किए जाएंगे।
