विद्यासागर महाराज की समाधि, मध्यप्रदेश में आधे दिन का राजकीय शोक, भोपाल में आचार्यश्री की प्रेरणा भोपाल में बन रहा जैन मंदिर


भोपाल. राष्ट्रीय संत दिगम्बर जैनमुनि आचार्य श्री विद्यसागर जी महाराज ने अपना शरीर त्याग दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चन्द्रगिरि तीर्थ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2.33 बजे समाधि ली। आज दोपहर 1 बजे पंचतत्व में बिलीन होंगे। राज्य सरकार ने आचार्यश्री के सम्मान में आधे दिन का राजकीय शोक घोषित करते हुए सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप, संत विद्यासागर ने समाधि कार्यक्रम में शामिल होने डोंगरगढ़ में रहेंगे। वर्ष 2016 में आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज का भोपाल में चातुर्मास हुआ था। उन्हीं की प्रेरणा से महाराणाप्रताप नगर में जैन मंदिर का निर्माण हो रहा है।

मध्यप्रदेश में शोक की लहर
विद्यासागर जी महाराज के समाधि की खबर से भोपाल सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। लोग विद्यासागर महाराज के सानिध्य और प्रदेश में जहां-जहां उन्होंने प्रवास किया उन दिनों को याद कर रहे हैं। प्रदेश के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।
भोपाल में 2016 में आचार्यश्री ने किया था चातुर्मास
आचार्यश्री का भोपाल में प्रथम आगमन महावीर जयंती के मौके पर अप्रैल 2002 में हुआ था। तब यहां 17 से 25 अप्रैल तक उनके लालपरेड मैदान सहित कई स्थानों पर प्रवचन हुए थे। इसके बाद उनका आगमन 9 दिसम्बर 2023 में हुआ। तात्याटोपे नगर (टीटी नगर) दशहरा मैदान में पंचकल्याण और चौक दिगम्बर जैन मंदिर में शिखर कलशा रोहण उन्हीं के सानिध्य में हुआ था।
तीसरा नगरागमन उनका 18 जुलाई 2016 को हुआ था। उन्होंने यहां चातुर्मास किया था। विद्यासागर महाराज भोपाल आये थे। उन्होंने भानपुर से सुबह 6 बजे बिहार प्रारंभ किया था, नमोस्तु-नमोस्तु के जयघोष के बीच जगह-जगह उन पर पीले चावल की वर्षा की गयी थी। आचार्यश्री लगभग 15 किमी पदबिहार करते हुए पौने दो घंटे में हबीबगंज जैन मंदिर पहुचे थे।
अब आचार्यश्री के बारे में जानिए
आचार्यश्री का जन्म 10 अक्टूबर 1946 को कर्नाटक के बेलगांव के ग्राम सदलगा में हुआ था। उनके बाल्यकाल का नाम विद्याधर था। आचार्यश्री ने कन्नड़ के माध्यम से हाई स्कूल तक शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद वे वैराग्य की दिशा में आगे बढ़े। 30 जून 1968 को मुनि दीक्षा ली। आचार्य का पद उन्हें 22 नवंबर 1972 को मिला।
आचार्यश्री ने लिखी हैं कई पुस्तकें
आचार्यश्री जैन दर्शन पर कई पुस्तकें लिखने के साथ ही कविता लेखन भी करते रहे। उन्होंने माटी को अपने महाकाव्य का विषय बनाया और मूक माटी नाम से एक खंडकाव्य की रचना की। भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित उनकी यह पुस्तक बहुत लोकप्रिय हुई। विचारकों ने इसे एक दार्शनिक संत की आत्मा का संगीत कहा। इससे कई छात्र अपने शोध के लिए बतौर संदर्भ इसे उपयोग में ला रहे हैं। उनकी अन्य रचनाएं नर्मदा का नरम कंकर, डूबो मत लगाओ डुबकी आदि हैं।
