छिंदवाड़ा के 10 कांग्रेस विधायकों के मोबाइल बंद, कमल नाथ भी दिल्ली में, हलचल तेज
भोपाल. कमल नाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच छिंदवाड़ा जिले के विधायकों ने अपने-अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए हैं। उनसे कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी का भी मोबाइल नहीं लगा। बता दें कि छिंदवाड़ा में सातों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस विधायक हैं। इन विधायकों के भी कमल नाथ के साथ भाजपा में जाने की चर्चा है। नाथ के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि उनके ज्यादातर समर्थक विधायक दिल्ली पहुंच गए हैं या रविवार तक पहुंच जाएंगे।
मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ भी अपनी राह बदल सकते हैं और भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बेटे नकुल नाथ और उनके समर्थकों की गतिविधियां इसी बात की पुष्टि कर रहे हैं कि कांग्रेस में अलग-थलग पड़े कमल नाथ जल्द ही औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मीडिया के साथ बातचीत में भी कमल नाथ ने भाजपा में जाने की बात से इन्कार नहीं किया है। छिंदवाड़ा से नौ बार के सांसद रहे कमल नाथ ने दिल्ली में कहा कि अगर ऐसी कोई बात होगी तो सबसे पहले आप लोगों को ही सूचना दूंगा। इंटरनेट मीडिया के कई प्लेटफार्म पर नाथ परिवार ही ट्रेंड कर रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 10 विधायक भी उनके साथ कांग्रेस छोड़ सकते हैं।
बेटे नकुल नाथ के साथ भाजपा में शामिल होने की अटकलें
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और उनके बेटे नकुल नाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलें शनिवार को और तेज हो गईं। दोनों अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले छिंदवाड़ा से भोपाल होते हुए दिल्ली पहुंच गए। इस बीच, नकुल नाथ ने एक्स बायो से कांग्रेस शब्द हटा दिया। इसके बाद कमल नाथ के समर्थक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी अपने बायो से कांग्रेस का चुनाव चिह्न हटा लिया। उनके समर्थक ‘जहां कमल नाथ, वहां हम ‘ एक्स पर पोस्ट कर रहे हैं। बता दें कि कमल नाथ 44 वर्ष से मप्र में कांग्रेस का बड़ा चेहरा बने हुए हैं। इंदिरा गांधी भी उन्हें अपना तीसरा बेटा मानती थीं।
