ग्वालियर के विकास में कोई कौर कसर नहीं छोडेगें: ज्योतिरादित्य सिंधिया
जेसी मिल के श्रमिकों को मिलेगा उनका हक,
ग्वालियर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि ग्वालियर विकास के मामले में एक समय में देश का जगमगाता हुआ सितारा होता था। ग्वालियर को विकास के मामले में जब तक वह पुन: स्थान प्राप्त नहीं हो जाता तब तक न हम रूकेगें और न झुकेगें। ग्वालियर में वर्तमान में चल रहे विकास प्रोजेक्टों से ग्वालियर की दिशा और दशा बदलेगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के हजीरा चौराहे पर विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर एवं जन आशीर्वाद सभा सम्बोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर ने की। कार्यक्रम की विशेष अथिति ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर थे।
ग्वालियर के नागरिकों का विशवास, प्यार और आशीर्वाद महत्वपूर्ण है। सिंधिया परिवार का यहां के नागरिकों से पारिवारिक रिस्ता रहा है और रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी फरवरी माह से विमान सेवाओं के विस्तार की कढी में ग्वालियर से अहमदाबाद के लिए नई उडान भी प्रारंभ होगी। विशाल एयरपोर्ट भी शीघ्र ही प्रारंभ हो जाएगा। ग्वालियर में एलिवेटेड रोड, रिंग रोड, रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं। इनके पूरे होने से ग्वालियर की तस्वीर बदली बदली नजर आयेगी।
ग्वालियर के एतिहासिक किले पर स्मार्ट सिटी के माध्यम से 15 करोड रूपये की लागत से ढाई किलोमीटर के क्षेत्र में लाइटिंग का कार्य किया जा रहा है। अगले चरण में सम्पूर्ण किले की दीवालों पर लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय सांसद ने कहा कि ग्वालियर में विकास के तेजी से कार्य हो रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने पर ग्वालियर विकास के मामले में प्रदेश में ही नहीं देश के अन्य राज्यों में भी अग्रणी शहरों के रूप में जाना जाएगा।
कार्यक्रम के विशेष अथिति ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के विशेष प्रयास से जेसी मिल के श्रमिकों को उनका हक मिल रहा है। इसका कार्य भी तेजी से प्रारंभ हो गया है। सिविल अस्पताल ग्वालियर में कैथ लैव की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
