भोजताल पर दिखा सुर-ताल का अद्भुत संगम, पुलिस ब्रास बैंड ने बिखेरी स्वर लहरियां

“वर्दी का संगीत” कार्यक्रम के दूसरे दिन सातवीं वाहिनी के पुलिस ब्रास बैंड ने भोपाल के बोट क्लब में दी लयबद्ध प्रस्तुति
भोपाल, गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 7वीं वाहिनी के पुलिस ब्रास बैंड द्वारा आयोजित “वर्दी का संगीत” कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 जनवरी को भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब में बैंड दल के सदस्यों ने सुमधुर प्रस्तुतियां दी। शाम 5 बजे से प्रारंभ कार्यक्रम में पुलिस ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों ने बड़े तालाब के आसपास के वातावरण को देशभक्ति गीतों से गुंजायमान कर दिया। इस अवसर पर डीआईजी मध्य क्षेत्र विशेष सशस्त्र बल नवनीत भसीन, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजाटी, डीसीपी शालिनी दीक्षित, डीएसपी तरुण पटले और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
बैंड दल के सदस्यों ने इन धुनों की दी प्रस्तुति
भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब में 21 जनवरी को शाम 5 बजे से प्रारंभ कार्यकम में पुलिस ब्रास बैंड के सदस्यों ने “ऐ मालिक तेरे बंदे हम” की धुन से शुरुआत की। इसके पश्चात जय हो, लहरा दो सरकशीं का परचम लहरा दो, ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे देशभक्ति गीतों ने समां बांध दिया।
देशप्रेम से भरपूर धुनों की प्रस्तुति को सभी ने सराहा
“वर्दी का संगीत” कार्यक्रम के पहले दिन 20 जनवरी को भोपाल के डीबी मॉल में आयोजित कार्यक्रम में भी विभिन्न धुनों की प्रस्तुतियां दी गई। दोनों दिन पुलिस ब्रास बैंड में शामिल 35 सदस्यों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत धुनों और दर्शकों की मांग पर विभिन्न फिल्मी गीतों की लयबद्ध प्रस्तुति दी गई, जिसे सभी ने सराहा। इस अवसर पर उपस्थित नागरिक धुनों के बजने पर उत्साह से भर उठे। पुलिस ब्रास बैंड के सदस्यों द्वारा दी गई इन मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थितजनों को देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *