सर्दी के सितम परेशान ग्वालियरवासी, रात का पारा 6.5 डिग्री, 2 दिन रहेगी ऐसी ही सर्दी
ग्वालियर. सर्दी की बेदर्दी से 20 दिन से अंचलवासी परेशान है। अभी अगले 2 दिन तक कोल्ड-डे जैसे हालात बने हुए है। पिछले रोज सीवियर कोल्ड-डे के बाद बुधवार को कोल्ड की चपेट में शहरवासी रहे। सुबह-सुबह 10 बजे के बाद धूप खिली। लेकिन बर्फ से ढके पहाड़ों से आने वाली हवा की वजह खिली धूप में भी अधिक राहत नहीं मिली। मध्यप्रदेश के खजुराहों के बाद दतिया, नौगांव और ग्वालियर रात काफी ठण्डी रही। खजुराहों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और ग्वालियर का 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। एयरपोर्ट क्षेत्र में 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गयी।
स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड पर लेट ट्रेनों की संख्या बढ़ी
रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की अब पहली नजर रेलवे के डिस्प्ले बोर्ड पर रहती है। कोहरे की वजह से इस बोर्ड पर लेट होने वाले ट्रेनों के नम्बर बढ़ते जा रहे है । 12 ट्रेन की स्थिति बताने वाले इस बोर्ड पर अब 10 ट्रेन लेट और एक या फिर 2 ट्रेन ही समय पर आ रही है। बुधवार को कोहरे की वजह से अप एंड डाउन की लगभग 2 दर्जन ट्रेनें 1 से लेकर 18 -20 घंटे की देरी ग्वालियर पहुंची। कुछ ट्रेनें एक दिन तक लेट चल रही है। रानी कमलापति से निजामुद्दीन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 5 घंटे की देरी से ग्वालियर पहुंची।
