ग्वालियर में नाकों पर उगाही, हर दिन शहर के नाकों पर निगम सीमा में प्रवेश के नाम पर लाखों की उगाही

ग्वालियर. अगर आप ट्रक, डंपर, लोडिंग वाहन या ट्रैक्टर चलाते है तो आपको शहर की सीमा मे ंप्रवेश करने से पहले कथित गुंडा टैक्स देना होगा। बिलकुल सही सुना, गुंडा टैक्स। वैसे तो नगर निगम द्वारा इसे प्रवेश शुल्क कहा जाता है लेकिन जिन ठेकेदारों पर प्रवेश शुल्क की वसूली का ठेका है वह गुंडागर्दी पर आमादा है। नगर निगम की रसीदों में फर्जीवाडा कर हर गाडी से निर्धारित प्रवेश शुल्क से 10 से 20 गुना तक उगाही हो रही है अगर वाहन चालक रुपये देने से इनकार करते है तो गुंडागर्दी की जाती है। प्रवेश शुल्क वसूलने वाले लठैत मारपीट पर आमादा हो जाते है। गाडियों के कांच तक फोड देते है। गुंडागर्दी और अवैध उगाही से त्रस्त वाहन चालक दर्जनों शिकायतें नगर निगम और पुलिस के जिम्मेदारों से कर चुके है लेकिन सभी आंख बंद कर बैठै है इसलिए जिम्मेदारों की साठगांठ से इनकार नहीं किया जा सकता। जब पडताल की तो सामने आया कि नगर निगम सीमा में प्रवेश से पहले भारी वाहनों के लिए 30 और 60 रुपये शुल्क निर्धारित है लेकिन वाहन चालकों से उगाही हो रही है। 300 से 500 रुपये तक। नगर निगम की रसीद पर हो रही यह पूरी उगाही ठेकेदार की जेब में जा रही है इसके बाद भी जिम्मेदार मौन है।
ये हैं सबूत, जो बता रहे हैं अवैध उगाही का खेल
वाहन चालक एमपी09 जेडएफ 3270 के चालक ने बताया कि उसके वाहन में भूसा भरा हुआ था। उसके वाहन को रोका गया और 300 रुपये लिए गए। पर्ची मांगी तो पर्ची देने वाले ने जहां साठ रुपये लिखा हुआ वहां पेन से काटते हुए 300 रुपये लिख दिया, फिर इसे थमा दिया, उससे सिथौली पर रुपये लिए गए।
लोडिंग वाहन चालक अंगद ने बताया कि वह भूसा लेकर आ रहा था, उससे 160 रुपये लिए गए और रसीद भी नहीं दी गई। जब रसीद मांगी तो धमकाने लगे। हर बार यही होता है, कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती।
वाहन चालक सुरेश ने बताया कि पुलिस सामने खड़ी रहती है, इसके बाद भी निर्धारित प्रवेश शुल्क से ज्यादा रुपये यह लोग वसूलते हैं फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। शीतला चौराहे के पास अवैध नाका लगाया जा रहा है।
एक ट्रक चालक से 460 रुपये वसूले गए। रसीद पर गाड़ी का नंबर भी नहीं डाला। न ही रसीद पर कोई सील ही थी।
कर्मचारियों की जानकारी नहीं
पड़ताल में यह भी सामने आया कि जो कर्मचारी ठेकेदार ने लगवा रखे हैं, उनका न तो चरित्र सत्यापन कराया न ही उनकी सूची ही निगम व पुलिस को दी गई है। यहां गुंडे वसूली कर रहे हैं, जो वाहन चालकों से मारपीट में भी पीछे नहीं हटते। यह भी सामने आया है- फर्जी रसीदें भी इन लोगों के पास हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *