युवा दिवस पर सीएम राईज स्कूल हजीरा में हुआ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम कार्यक्रम
जिले के अन्य स्कूलों व संस्थाओं में भी हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम
ग्वालियर – स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस 12 जनवरी को हर साल की तरह इस साल भी “युवा दिवस” के रूप में मनाया गया। युवा दिवस पर जिले की शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों तथा आश्रम शालाओं आदि में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर के मुख्य आतिथ्य में सरदार वल्लभ भाई पटेल सीएम राईज स्कूल हजीरा में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संभाग आयुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसएसपी राजेश चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। जिले के अन्य स्कूलों के बच्चों और युवाओं ने नई उर्जा और उत्साह के साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रांगण में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।
आकाशवाणी के जरिए सुना मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदबोधन
युवा दिवस पर आकाशवाणी से प्रसारित हो रहे संदेश पर सीएम राईज स्कूल हजीरा में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणयाम का आयोजन हुआ। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम व उसके बाद स्वामी विवेकानंद की वाणी का प्रसारण एवं मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन से हुआ। इसी कड़ी में आकाशवाणी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण भी हुआ। इसके बाद सूर्य नमस्कार के तीन चक्र हुए। सूर्य नमस्कार के पश्चात सामूहिक रूप से प्राणायाम भी कराये गए।
