सिंधिया, कविता पाटीदार व नरोत्तम मिश्रा को लोकसभा चुनाव लडवाने पर विचार
भोपाल. भाजपा इस तैयारी में है कि वह मध्य प्रदेश में राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा चुनाव में उतारे। इसकी वजह यह है कि यदि पार्टी राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा का चुनाव लड़वाती है तो जीतने वालों की सीट रिक्त होगी। इससे पार्टी राज्यसभा चुनाव में नए लोगों को अवसर दे सकती है।
भाजपा के लिए अच्छी परिस्थितियां
विधानसभा में प्रचंड जीत के साथ परिस्थितियां भाजपा के लिए और अच्छी हो चुकी हैं। भाजपा और कांग्रेस में सीटों का अंतर बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में पार्टी को राज्यसभा सीटों का नुकसान नहीं होगा। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी सात सांसदों को प्रत्याशी बनाया था, इनमें पांच को जीत मिली।
सिंधिया, कविता पाटीदार को उतार सकती है पार्टी
सूत्रों का कहना है कि पार्टी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कविता पाटीदार को लोकसभा चुनाव में उतारने के विकल्प पर विचार कर रही है। सिंधिया भी गुना-शिवपुरी या ग्वालियर से लड़ने के इच्छुक बताए जाते हैं। बता दें कि अप्रैल में भाजपा के राज्यसभा सदस्य अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। धर्मेंद्र प्रधान भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य हैं, उनका कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त हो रहा है, इसलिए उन्हें भी ओडिशा से लोकसभा चुनाव लड़वाने पर पार्टी विचार कर रही है।
भोपाल से नरोत्तम मिश्रा को चुनाव लड़वाने का विचार
भोपाल से नरोत्तम मिश्रा को लोकसभा चुनाव लड़वाने का विचार – पार्टी दतिया से विधानसभा चुनाव हारे प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा को भी भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाने पर विचार कर रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक भोपाल से ऐसे चेहरे को लोकसभा में प्रत्याशी बनाए जाने का विचार है, जो हिंदूवादी हो। गृह मंत्री रहते हुए मिश्रा ने ही लव-जिहाद कानून बनाया था। दंगों के दौरान हुए नुकसान की भरपाई पत्थरबाजों से करने का भी कानून बनाया था। पार्टी भी चाहती है कि मिश्रा का पुनर्वास किया जाए। संगठन से मिले संकेत के बाद राज्य सरकार ने उनका बंगला भी किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं करने का निर्णय किया है।
