ग्वालियर में 1 हजार बिस्तर अस्पताल में मरीज स्ट्रेचर के लिए परेशान, हाथों पर ढोने पड़ रहे मरीज
ग्वालियर. एक हजार बिस्तर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को स्ट्रेचर नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में मरीज को हाथों पर ढोकर ओपीडी व जांच के लिए ले जाना पड़ा है। अगर स्ट्रेचर मिल जाए तो परिजनों की स्ट्रेचर ढोना मजबूरी हो गई है। यहां ढेरों वार्ड ब्वाय हैं लेकिन स्ट्रेचर चलाने के लिए कोई भी मौजूद नहीं रहता है। ऐसे हालात में जांच और इलाज प्रभावित होने के भय से मरीज के परिजन ही अपने मरीज को स्ट्रेचर पर लेकर जाते हैं। इतना ही नहीं वार्ड ब्वाय के साथ स्ट्रेचर नहीं मिलने पर मरीज को कंधे और हाथों पर उठाकर परिजन इलाज के लिए इधर-उधर भटकना भी परिजनों की मजबूरी बना हुआ है।
मरीज को कंधे पर उठाकर ले जाने के कई मामले सामने आ चुके
अस्पताल में मरीज को कंधे और हाथों में उठाकर ले जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। मंगलवार को भी एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक पिता अपने बेटे को स्ट्रेचर न मिलने पर लिफ्ट तक उठाकर ले गया। बच्चे को सीने में दर्द की शिकायत थी। वायरल वीडियो में पिता कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने गेट पर स्ट्रेचर मांगा था, लेकिन नहीं मिला। स्ट्रेचर नहीं मिलने पर बच्चे को गोद में उठाकर लिफ्ट तक लाया। यहां अस्पताल आए मरीजों के परिजनों ने उनकी मदद की।
