ग्वालियर में CRPF जवान ने पुलिस अफसरों से लगाई गुहार, कहा मुझे गुंडों से बचाओ

ग्वालियर. छात्र की हत्या के आरोपित कपिल यादव और उसके भाई अरविंद यादव को पुलिस अब तक नहीं तलाश सकी। हालांकि हत्या के मामले में एक आरोपित निशू यादव ने खुद को पुलिस के सामने हाजिर कर दिया है। जबकि कपिल यादव और अरविंद फरार चल रहे है। यह दोनों भाई बड़ागांव के निवासियों के लिए सिरदर्द बने हुए है। इनकी प्रताडना से तंग होकर व्यापारी और सीआरपीएफ के जवान मंगलवार को पुलिस अफसरों से मिलने पहुंचे। जहां पर उन्होंने गुंडो से मुक्ति दिलाने की गुहार लगाई।
जवान के प्लॉट पर किया दोनों भाईयों ने कब्जा
सीमा सुरक्षाबल का जवान मुकेश माहौर निवासी बडागांव की ड्यूटी छत्तीसगढ में नक्सलवादी क्षेत्र में लगी हुई है। अभी वह अवकाश पर आया हुआ है। मुकेश का कहना है कि बडागांव गोलंबर पर उसने एक प्लॉट 2020 में खरीदा था जिसका नामांतरण भी करा चुका है। जब वह इस प्लॉट पर निर्माण करने के लिए पहुंचा तो कपिल और अरविंद यादव ने उसका काम बंद करा दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी है।
वहीं अब जवान का कहना है कि गुंडे प्लॉट पर काम नहीं करने दे रहे इसकी शिकायत मुरार थाना में भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इन अपराधियों से परिवार को जानमाल का खतरा है। इसलिए वह अपने परिवार को रायपुर में किराए के मकान में रखे हुए है और वह नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ड्यूटी देने के लिए जाता है। यदि इन गुंडों पर सख्त कार्रवाई हो तो वह अपना घर बना सके और उसमें उसका परिवार रह सके। जवान पुलिस कप्तान और आईजी से गुहार लगाने पहुंचा जिस पर उसे कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *