दिल्ली हवाई अड्डे पर लो विजिबिलिटी के चलते दर्जनों फ्लाइट्स डायवर्ट
नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से बहुत बुरा हाल है। शनिवार को भी दिल्ली वाले बहुत खराब हवा में सांस लेने को मजबूर है। राजधानी के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में है। प्रदूषण की वजह से लो विजिबिलिटी के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही है। हवाई अड्डे के जानकारों ने कहा कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर कम द्रष्यता और खराब मौसम के कारण शनिवार को दिल्ली आने वाली कम से कम 18 उडानों को डायवर्ट किया गया जबकि कई अन्य में देरी हुई।
18 उड़ानों को किया डायवर्ट
दिल्ली की हवा में स्मॉग कुछ इस तरह फैला हुआ है कि कम विजिबिलिटी के चलते दिल्ली आनेवाली कुछ फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे के बीच 18 उड़ानों को जयपुर, लखनऊ, अहमदाबाद और अमृतसर सहित अन्य शहरों की ओर मोड़ दिया गया क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का पहला कोहरा देखा गया।
