राजौरी एनकांउटर में दो पाकिस्तानी आतंकी ढेर
जम्मू कश्मीर. राजौरी में बीते 27 घंटे से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड जारी है। आज सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। मौके से गोला-बारूद और हथियार भी बरामद हुए है। मारे गए एक आतंकी का नाम कारी है। डिफेंस पीआरओ के अनुसार कारी पाकिस्तानी नागरिक है और उसे पाकिस्तान, अफगान मोर्चे पर ट्रेंड किया गया था। दूसरे आतंकी की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कारी लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था और पिछले एक साल से अपने ग्रुप के साथ राजौरी-पुंछ में एक्टिव था। उसे डांगरी और कंडी हमलों का मास्टरमाइंड भी माना जाता है। कारी को जम्मू में आतंकवाद को दोबारा फैलाने के लिए भेजा गया था। वह आईईडी में स्पेशिलिस्ट था और गुफाओं से छिपकर काम करने वाला ट्रेंड स्नाइपर भी रहा था। बुधवार 22 नवंबर को मुठभेड में सेना के 2 अफसर और 2 जवान शहीद हो गए थे। सूत्रों के अनुसार जान गंवाने वालों में कैप्टन शुभम, कैप्टन एमवी प्रांजिल और हवलदार माजिद थे। कैप्टन एमवी प्रांजिल का शव आज शाम बेंगलुरू भेजा जाएगा। वहीं चौथे जवान की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
