लश्कर में कारोबारी के साथ लूट, सीने पर कट्टा अड़ाया 40 हजार रुपये व एक्टिवा लूट ले गए
ग्वालियर. शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र लश्कर में कारोबारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कारोबारी शनिवार रात को अपनी दुकान बंद करने के बाद घर जा रहा था, तभी लश्कर के लोहिया बाजार इलाके में बाइक पर सवार होकर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने कारोबारी को रोक लिया। सीने पर कट्टा अड़ाया और इसके बाद 40 हजार रुपये व एक्टिवा लूट ले गए। मतदान के बाद दूसरे ही दिन लूट की वारदात को बदमाशों ने अंजाम दे डाला। मतदान तक शहर के कोने-कोने पर नजर आने वाली पुलिस मतदान के दूसरे दिन सड़कों से गायब थी।
लोहिया बाजार में लूट
लश्कर के खुर्जे वाला मोहल्ला इलाके में रहने वाले कारोबारी अनिल कुमार जैन की दौलतगंज में दुकान है। वह प्लास्टिक के उत्पाद के थोक कारोबारी हैं। रात करीब 10.30 बजे दुकान बंद की। इसके बाद वह अपनी एक्टिवा से घर जा रहे थे। दिनभर में सामान बिकने से करीब 40 हजार रुपये आए थे। यह रुपये वह बैग में रखकर घर ले जा रहे थे। जैसे ही वह लोहिया बाजार पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। इन बदमाशों ने मुंह पर कपड़े बांधे हुए थे। ओवरटेक कर एक्टिवा रोक ली।
बदमाश बाइक से उतरे। एक बदमाश ने कमर में से कट्टा निकाला और सीने पर अड़ा दिया। इसके बाद गोली मारने की धमकी देकर रुपये छीन लिए। बदमाशों ने एक्टिवा की चाबी छीनी। एक बदमाश एक्टिवा ले गया। इसके अलावा अन्य बदमाश रुपये लेकर बाइक से निकल गए। बदमाशों के भागने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की फोर्स यहां पहुंची। कोतवाली पुलिस ने कारोबारी के साथ पास ही में स्थित घर में लगे कैमरे के फुटेज देखे। इसमें बदमाश नजर आए हैं। बदमाशों की तलाश में घेराबंदी भी की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
