अपने अपने ही घरों में फंसे नरेंद्र-नरोत्तम
ग्वालियर. दीपावली पर एक दिन के विश्राम के बाद फिर विधानसभा चुनाव का संग्राम शुरू हो गया। चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में पहुंचने के साथ चरम बिंदु पर है। ग्वालियर-चंबल अंचल में दिमनी से चुनावी समर में उतरे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, लहार विधानसभा क्षेत्र से नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह, दतिया से प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और चुनाव क्षेत्र बदलकर शिवपुरी से चुनाव लड़ने के लिए आए पूर्व मंत्री केपी सिंह के चुनाव पर प्रदेश की निगाहें टिकी हैं। चारों दिग्गज फिलहाल अपने-अपने क्षेत्रों में फंसे नजर आ रहे हैं। दोनों दल भी एक दूसरे के दिग्गजों को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अंचल में हर कोई पूरे चुनावी परिदृश्य पर चर्चा करने की बजाय एक ही सवाल पूछता है कि नरेंद्र सिंह तोमर, डा. गोविंद सिंह, नरोत्तम मिश्रा व केपी सिंह की क्या स्थिति है। चारों दिग्गज अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक मतों से जीतने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। मतादाताओं की खामोशी ने इन दिग्गजों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
नरोत्तम मिश्रा को कांग्रेस ने घेरा
दतिया में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को घेरने में कांग्रेस कोई कसर नहीं छोड़ रही है। नरोत्तम मिश्रा भाजपा के संकटमोचक माने जाते है। पहले भाजपा से कांग्रेस में अवधेश नायक को टिकट दिया था। राजेंद्र भारती व उनके समर्थकों के विरोध के सामने झुकते हुए टिकट बदलकर फिर से राजेंद्र भारती को थमा दिया। मुकाबला कांटे का बताया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ व दिग्विजय सिंह से लेकर अपने हर दिग्गज को कांग्रेस दतिया भेज रही है। प्रियंका गांधी का रोड शो व सभा भी दतिया में प्रस्तावित है। कांग्रेस के दतिया में पूरा जोर लगाने से मुकाबला कांटे की टक्कर में फंस गया है। दोनों दल जीत के लिए जोर लगा रहे हैं।
दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सामाजिक समीकरणों में उलझ रहे
भारतीय जनता पार्टी ने चंबल अंचल की सीटों की प्रभावित करने के लिए भाजपा ने प्रदेश चुनाव संचालन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को अप्रत्याशित रूप से उनके गृह जिले व संसदीय क्षेत्र की दिमनी सीट से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री के सजातीय रविंद्र सिंह तोमर भिड़ोसा को मैदान उतारा है। रविंद्र सिंह तोमर इस सीट से कांग्रेस से विधायक है। बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व विधायक बलवीर सिंह दंडोतिया को टिकट देकर दिमनी विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति निर्मित कर दी है। कुल मिलाकर दिमनी का चुनावी मुकाबला रोचक दौर में पहुंच गया है। दिमनी सीट पर कांटे की टक्कर नजर आ रही है। नरेंद्र सिंह को भाजपा से मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक भी मान रहे हैं कि दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की जीत अब सहज नही हैं। यहां उन्हें कांग्रेस व बसपा से कांटे की टक्कर मिल रही है।
