केपी सिंह व प्रीतम लोधी के बीच हुआ विवाद

शिवपुरी. दीपावली के दिन रविवार को पिछोर के करारखेडा गांव में भाजपा प्रत्याशी प्रीतम लोधी और कांग्रेस विधायक केपी सिंह के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों ने प्रीतम के काफिले के दर्जनभर वाहनों में तोडफोड की। वहीं प्रीतम के समर्थकों ने केपी सिंह के घर पर पथराव कर दिया। फायरिंग का भी आरोप लगाया गया। विवाद की शुरूआत अपशब्दों के नारे लगाने को लेकर हुई। पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के बेटे और समर्थक की ओर से की गई शिकायत के बाद दो एफआईआर दर्ज कर ली है। कांग्रेस के टिकट पर केपी सिंह पिछले 6 चुनाव से जीतते हुए आ रहे है। पिछले दो चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रीतम लोधी को हराया था। इस बार केपी सिंह पिछोर के बजाए शिवपुरी से चुनाव लड रहे है। दीपावली के एक दिन पहले ही वह पिछोर पहुंचे।
केपी सिंह के घर के सामने से नारे लगाए
रविवार को प्रीतम अपने समर्थकों के साथ करारखेडा में जनसंपर्क करने के लिए पहुंचे। दोपहर करब 1 बजे प्रीतम अपने वाहन से आगे निकल गए। उनके पीछे चल रहे समर्थकों ने केपी सिंह के घर के सामने से गुजरते हुए नारे लगाना शुरू कर दिया। इसका वीडियो भी बहुप्रसारित हो रहा है। इसके बाद केपी समर्थकों ने उन पर हमला बोल दिया। लोग लाठियां लेकर टूट पडे और काफिले में चल रहीं 12-13 गाडियों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद प्रीतम के समर्थक वहां से निकल गए।
लोगों को बना लिया था बंधक
केपी सिंह के समर्थकों ने प्रीतम सिंह के बेटे पर पिस्टल से फायर करने और उनके घर पर पथराव करने के आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों को बंधक भी बना लिया था जिन्हें बाद में छोडा गया। विवाद में जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी सहित करीब 24 लोगों को चोट आई है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत
राकेश लोधी पुत्र प्रीतम सिंह की शिकायत पर मनू राजा, संतोष शर्मा, राघवेन्द्र मिश्रा सहित 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ, रामनरेश लोधी निवासी संकट मोचन कॉलोनी पिछोर की शिकायत पर मनु राजा, रवि राजा, प्रिंस निवासी करारखेडा पिछोर सहित भीड के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *