नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे का 500 करोड रुपए का एक और वीडियो वायरल
ग्वालियर. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मतदान के ठीक 5 दिन पहले सोमवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर के करोडों के लेन देन का एक और कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देवेंद्र सिंह तोमर इस बार 500 करोड रुपये चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे है। इस बार भी वीडियो कॉल करने वाला पूरी बातचीत को रिकॉर्ड करता नजर आ रहा है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि प्रधानमंत्र नरेन्द्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान चुप क्यों है। इस वीडियो की सत्यता की जांच होनी चाहिए। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। आयकर, ईडी, सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है, यह भी अपने आप में एक सवाल है।
नरेंद्र सिंह बोले फर्जी मामलों में समय बर्बाद मत कीजिए
मुरैना रवाना होने से पहले सोमवार सुबह 9.30 बजे ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री तोमर संभागीय मीडिया कार्यालय में चर्चा कर रहे थे। पहले कथित वीडियो के संबंध में पूछे गए सवाल के जबाव में केंद्रीय मंत्र तोमर ने कहा कि फर्जी मामलों में समय बर्बाद मत कीजिए। बता दें कि नरेंद्र सिंह के रवाना होने के बाद यह दूसरा वीडियो बहुप्रसारित हो गया।
इनका कहना है
5 नवंबर को देवेंद्र तोमर के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर वीडियो की जांच कराई जा रही है। अब तक इस केस में देवेंद्र तोमर के बयान दर्ज नहीं हुए है।
वीरेश कुशवाह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन, मुरैना
