ग्वालियर कार्निवाल का प्लान, आर्टिस्ट को मिलेगा बालीवुड में मौका
ग्वालियर. यूनेस्को से सिटी आफ म्यूजिक का खिताब मिलने के बाद अब शहर के सामने कलाकारों को मौका देने से लेकर इस खिताब को सही साबित करने की चुनौती है। हालांकि संगीत से जुड़े शहर का इतिहास और वर्तमान बहुत समृद्ध है, लेकिन अब इसे और बेहतर करने की आवश्यकता है, इसको देखते हुए अब जिला प्रशासन, नगर निगम, स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के स्थानीय अधिकारियों सहित कलाकारों ने पहल की है। सारे कलाकारों को एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया है और अब ग्वालियर कार्निवाल के आयोजन का प्लान बनाया जा रहा है। इसके अलावा शहर से निकलकर बालीवुड में स्थापित हुए कुछ कलाकारों ने शहर के नवोदित कलाकारों को मौका दिलाने का भी आश्वासन दिया है।
सिटी आफ म्यूजिक का टाइटल मिलने के बाद अब शहर में लगातार संगीत व कला से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। वर्षभर होने वाले इन आयोजनों के लिए एक वार्षिक कैलेंडर बनाने की भी तैयारी की जा रही है। जिस प्रकार दिसंबर माह में तानसेन समारोह का आयोजन किया जाता है, ठीक उसी तरह वर्षभर के आयोजनों के दिन भी तय कर लिए जाएंगे, इसमें सात से 10 दिन के ग्वालियर कार्निवाल भी प्लान किए जाने की संभावना है, जिस दौरान देश-विदेश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक शहर में आकर एंजाय कर सकें। इसके लिए कलाकारों से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं कि किस तरह से शहर में पर्यटन के साथ ही संगीत की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए काम किया जाए। इसके लिए जल्द ही एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के बाहर काम कर रहे कलाकार शामिल होंगे।
हर आयोजन का वीडियो होगा अपलोड
शहर में हर रोज संगीत से जुड़े छोटे-बड़े आयोजन होते रहते हैं। कुछ सरकारी आयोजन होते हैं, तो कुछ निजी संस्थाएं कराती हैं। शहर के कई समृद्ध लोग भी अपने घर के शादी समारोह जैसे आयोजनों में बाहर से कलाकारों को बुलाकर परफार्म कराते हैं। ऐसे सभी आयोजनों के वीडियो को इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने की तैयारी की जा रही है, ताकि ग्वालियर के बारे में इंटरनेट पर सर्च करने वाले लोगों को यहां के आयोजनों की जानकारी मिलती रहे। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाने की तैयारी है। लोगों को भी इसमें जोड़ा जाएगा कि वे अपने यहां होने वाले गीत-संगीत के आयोजनों के वीडियो उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें सिटी आफ म्यूजिक ग्वालियर के यूट्यूब चैनल या फेसबुक पेज से अपलोड किया जा सके।
