बाइक पर सवार होकर शहर की तंग गलियों में पहुँचे कलेक्टर,जानी आचार संहिता की जमीनी हकीकत

ग्वालियर शहर में संपत्ति विरूपण निवारण व कोलाहल नियंत्रण अधिनियम सहित आचार संहिता के पालन के लिये उठाए गए कदमों की जमीनी हकीकत जानने के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह शनिवार की शाम मोटर साइकिल पर सवार होकर शहर की तंग गलियों से लेकर प्रमुख बाजारों में पहुँचे। साथ ही मोटर साइकिल से ही पहुँचकर कम्पू पुलिस थाना और चिरवाई व विक्की फैक्ट्री पर बनाए गए एसएसटी नाकों का भी औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर शनिवार की शाम लगभग 3 घंटे मोटर साइकिल से शहर भ्रमण पर रहे।

लक्ष्मीबाई कॉलोनी से शहर भ्रमण शुरू किया। यहाँ से ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों मसलन लक्ष्मीबाई कॉलोनी, नौगजा रोड़, खल्लासीपुरा, शिंदे की छावनी, जेल रोड़, बहोड़ापुर व एबी रोड़ सहित यहाँ की अन्य गलियों में पहुँचे। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीगंज, कमानीपुल, पुरानी फल मंडी, छत्री बाजार, ढोली बुआ का पुल, तारागंज, मामा का बाजार, महाराज बाड़ा, चिटनिस की गोठ, माधौगंज, रॉक्सी रोड़ व कम्पू क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों का जायजा लिया। इसी कड़ी में उन्होंने कम्पू पुलिस थाने का निरीक्षण भी किया।
कम्पू थाने के निरीक्षण के बाद कलेक्टर एसएएफ रोड़ व गुढ़ी गुढा का नाका क्षेत्र की बस्तियों में होते हुए वाहनों की चैकिंग के लिये स्थापित किए गए चिरवाई नाका का औचक निरीक्षण किया। साथ ही दूर खड़े होकर नाके पर की जा रही वाहनों की चैकिंग की प्रक्रिया देखी। इसी क्रम में उन्होंने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विक्की फैक्ट्री पर स्थापित एसएसटी नाके का निरीक्षण भी किया। इसके पश्चात ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के नाका चंद्रबदनी, चेतकपुरी व माधौगंज सहित अन्य बस्तियों में पहुँचे। मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। इसलिये अब और अधिक सतर्कता और मुस्तैदी के साथ आचार संहिता का पालन कराएँ। एसएसटी नाकों से कोई भी संदिग्ध वाहन बगैर जाँच के आगे न बढ़ पाए।
प्रस्तावित मॉडल मतदान केन्द्रों का भी लिया जायजा
विधानसभा आम निर्वाचन के दौरान मतदान दिवस को ग्वालियर जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मॉडल मतदान केन्द्र बनाए जायेंगे। इन मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं का रेड कार्पेट वैलकम होगा। सजधजकर तैयार हो रहे इन मतदान केन्द्रों का शनिवार को कलेक्टर ने जायजा लिया। उन्होंने मिसहिल स्कूल में प्रस्तावित मॉडल मतदान केन्द्र क्रमांक – 167, 300, 301 व 302 का निरीक्षण किया।
