केरला में ब्लास्ट के बाद ग्वालियर स्टेशन पर अलर्ट, आरपीएफ ने की चेकिंग

ग्वालियर. दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की बढती भीड और केरला के कन्वेंशन सेंटर में हुए बम धमाके के बाद अब स्टेशन पर रेल सुरक्षाबल (आरपीएफ) को अलर्ट पर रखा गया है। यही कारण है कि आरपीएफ का अमला मेटल डिटेक्टर के साथ यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के साथ ही चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए है। रविवार की देर रात आरपीएफ ने चैकिंग शुरू की और दिनभर स्टेशन पर गश्त की गई।
इस दौरान संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ के साथ ही उनकी जानकारी भी नोट की गई। यात्रियों को सावधान भी किया गया कि कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत उसकी सूचना दें। आरपीएफ के अमले ने सोमवार को स्टेशन के प्रवेश द्वार से लेकर जनरल, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के प्रतीक्षालयों में सतत निगरानी रखी। इन प्रतीक्षालयों में बैठक यात्रियों के सामान, जनरल गेट, कैंटीन और प्लेटफार्म क्रमांक 1, 2, 3 और 4 पर भी निगरानी रखी गई। हालांकि इस दौरान कोई अनियमितता नजर नहीं आई। इस दौरान आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों और अधिकृत वेंडरों को समझाइश दी कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या सामान मिलने पर इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ, जीआरपी और अन्य किसी रेलवे स्टाफ को दें। इसके अलावा अनाउंसमेंट के माध्यम से भी यात्रियों को जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *