सिटीसेंटर से मॉर्निंग वॉक निकली महिला की लूटी सोने की चेन, मोटरसाईकिल सवार 2 बदमाश झपट्टा मारकर लूट ले गये चेन
ग्वालियर. शहर में चैन लूट की वारदात दिनों दिन बढ़ रही है। चैन लूट की घटनाओं के पीछे स्मैकची बताये जा रहे है। सुबह की सैर पर निकले सेवानिवृत्त शिक्षक दंपत्ति पर झपट्टा मार कर गले से सोने की चेन लूट कर ले गये। घटना एक दिन पूर्व सिटीसेंटर की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन मोटरसाईकिल सवार बदमाश हाथ नहीं आये हैं। पुलिस ने अब इस मामले में भी एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना विश्वविद्यालय पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज तलाशना शुरू कर दिये हैं। बाइक सवार बदमाशों के फुटेज मिल सकें। एक दिन पूर्व ग्वालियर पुलिस ने लूट के बाद एक आरोपी को दबोचा है। ग्वालियर थाना क्षेत्र की घटना तो उससे खुल गयी है। लेकिन इस घटना का ेवह स्वीकार नहीं कर रहा है।
क्या है घटनाक्रम
शहर के सिटीसेंटर थाना विश्वविद्यालय के इलाका स्थित ग्रीन गार्डन होम्स कचनार अपार्टमेंट निवासी 61 वर्षीय शैललाल रिटायर्ड शिक्षिका है। उनके पति गिरिजाशंकर लाल कृषि विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्त प्रोफेसर है। प्रतिदिन की तरह वह सुबह 8.15 बजे दोनों पति-पत्नी मॉर्निंग वॉक के लिये जा रहे थे और अभी इंडसइंड बैंक के सामने पार्क तक पहुंचे ही थे, तभी मोटरसाईकिल सवार 2 युवक उनके पास से निकले और कुछ ही दूरी पर जाने के बाद फिर वापिस लौट कर आये। एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा। जबकि उसका साथ पैदल उतरकर आया और महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट कर ले गया। लूटी गयी चेन सवा तोला की बताई जा रही है। अचानक झपट्टे से दंपत्ति घबरा गये और जब तक कुछ समझ पाते बाइक सवार स्पीड़ बढ़ाकर भाग गये। घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लुटेरों का हुलिया
चेन लूट की शिकार पीडि़ता महिला ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि घटना को अंजाम देने वाले दोनों बाइक सवार बदमाशों की उम्र लगभग 25 से 25 वर्ष के बीच की रही होगी। मोटरसाईकिल चला रहे बदमाश कद काठी उससे कुछ कम थी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज तलाशने में जुटी
लूट की घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे पुलिस और प्रायवेट सीसीटीवी कैमरे के फुटेज तलाशने में जुटे है। रविवार की सुबह तक पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस अभी तक बाइक सवार लुटेरों के आने -जाने के रास्ते पर कैमरे खंगाल रही है।
नाकाबंदी फिर भी निकल गए बाइक सवार
पुलिस ने लुटेरों की तलाश में शहर भर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए। बदमाश पुलिस की चेकिंग को चकमा देकर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
