सिंधिया की कार के सामने लेटे मुन्नालाल गोयल के समर्थक, 5वीं लिस्ट के बाद दावेदारों का फूटा गुस्सा

ग्वालियर. बीजेपी के उम्मीदवारों की 5वीं सूची के बाद टिकट के दावेदारों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है। रविवार को ग्वालियर में पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के समर्थक केंद्रीय मंत्री सिंधिया की कार के सामने लेट गए। ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट से गोयल का टिकट काटकर पूर्व मंत्री माया सिंह को प्रत्याशी बनाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने जय विलास पैलेस के बाहर प्रदर्शन किया। उनका गुस्सा देखकर सिंधिया उनके साथ जमीन पर ही बैठ गए। सिंधिया ने कहा कि वह इस बारे में कार्यकर्ताओं की बात संगठन तक पहुंचाएंगे। मुन्नालाल गोयल फिलहाल मध्य प्रदेश बीज निगम के अध्यक्ष है।

माया सिंह के टिकट का विरोध
ग्वालियर में पूर्व मंत्री माया सिंह के टिकट का विरोध शुरू हो गया है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह के बाल सखा जय सिंह कुशवाह ने प्रदेश कार्यसमिति की सदस्यता और मुरैना जिला प्रभारी भाजपा के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बताया कि एक ही परीवार को 12वीं बार टिकट दिया गया है। कभी माया सिंह के पति ध्यानेन्द्र सिंह तो कभी माया सिंह को ही टिकट दिया जाता है। पार्टी में युवाओं की अनदेखी से दुखी होकर मैं अपने दो पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।
