ग्वालियर एसटीएफ के हाथ लगा इनामी बदमाश, शिवपुरी, अशोकनगर और भिण्ड पुलिस को भी थी तलाश
ग्वालियर. अशोकनगर, भिण्ड व शिवपुरी में आधा दर्जन से ज्यादा अपराधिक मामलों में फरार 5 हजार रूपये के इनामी बदमाश को स्पेशनल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने ग्वालियर के लक्ष्मणगढ़, महाराजपुरा से दबोचा है। दबोचे गये बदमाश से एसटीएफ के अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है। इसकी 3 शहरों की पुलिस पहले से ही तलाश कर रही थी।
एसटीएफ के अधिकारियों को संदेह है कि पूछताछ के बाद इससे कई खुलासे हो सकते हैं। बदमाश की गिरफ्तारी की खबर अशोकनगर, भिंड व शिवपुरी पुलिस को दे दी है। जल्द यहां की पुलिस इससे पूछताछ करेगी।
क्या है पूरा मामला
STF एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि अशोक नगर, शिवपुरी और भिण्ड में आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में फरार चल रहा पांच हजार रुपए का इनामी बदमाश करू उर्फ करूआ उर्फ जगदीश गुर्जर पुत्र रामचरण गुर्जर लक्ष्मणगढ़ महाराजपुरा में आया हुआ है। इसका पता चलते ही एसआई अमित सिंह, एएसआई भूपेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए लगाई गई थीं। इसके बाद STF की टीमों ने बदमाश की छानबीन शुरू की। लक्ष्मणगढ़ में सीधे दबिश देना उचित नहीं था वहां महिलाएं भी पुलिस के विरोध में उतर आती हैं। STF की टीमें लगातार घेराबंदी करती रहीं। STF की टीम के सामने आरोपी को न पहचानने की समस्या भी थी। आरोपी की तलाश में लगी पुलिस दो दिन आरोपी की पहचान के लिए मशक्कत करती रही। जैसे ही उसकी पहचान हुई, STF की टीम उसके घर पहुंची और सामने आते ही उसे उठा लाई
शिवपुरी, भिण्ड और अशोकनगर पुलिस को थी तलाश
आरोपी के पकड़े जाने की सूचना अशोकनगर, भिण्ड और शिवपुरी पुलिस को दी है। आरोपी से पूछताछ करने के लिये तीनों जिलों की पुलिस आयेगी, क्योंकि वहां गंभीर अपराधिक मामलों में उसकी तलाश है। कई मामलों का खुलासा भी हो सकता है।
