कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर मोतीमहल में स्थापित है कंट्रोल रूम के लिये टोल फ्री नम्बर जारी
कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
ग्वालियर विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिये निर्वाचन कार्य संपादन एवं जानकारियों के आदान-प्रदान करने के लिए मोतीमहल स्थित स्मार्ट सिटी के कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम में सूचनाएँ दर्ज कराने के लिये जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा टोल फ्री नम्बर 0751-2990099 जारी किया गया है। इसके अलावा कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 0751-2646604 व 2646605 है। कोई भी व्यक्ति निर्वाचन के संबंध में इन नम्बरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत अथवा सूचना दर्ज करा सकेगा। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू माथुर को कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास डीएस जादौन व जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती प्रियंका कुलश्रेष्ठ को कंट्रोल रूम का सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कंट्रोल रूम में कार्य संपादन के लिए समयवार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
बुधवार को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एसबी ओझा ने कंट्रोल रूम में तैनात किए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान और सूचनाएँ दर्ज करने की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षित किया ।
