LatestNewsमप्रमप्र छत्तीसगढ़राज्य

नगर निगम ने बडागांव व टोल प्लाजा के पास की 250 एकड जमीन मांगी

ग्वालियर. मुरार छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर निगम में सौंपने के प्लान पर दिल्ली में सोमवार को रक्षा मंत्रालय के आला अफसरों के साथ नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश से विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई और निगम आयुक्त हर्ष सिंह सहित चार अधिकारियों ने हिस्सा लिया। विभाग ने निगम के प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के सामने रखा। निगम ने रक्षा मंत्रालय से बडागांव और हुरावली के पास की 250 एकड भूमि मांगी है। हालांकि बैठक में अभी कोई फैसला नहीं हो सका है। दिल्ली में रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के साथ सोमवार को दोपहर 12.30 बजे से बैठक थी। उस बैठक में पीएस और आयुक्त ने मंत्रालय के अधिकारियों को बताया कि यदि उक्त भूमि मिल जाएगी तो निगम भविष्य में वहां कोई योजना ला सकता है। इससे निगम को छावनी क्षेत्र के एरिया में पानी, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट और सडक जैसे काम आसानी से करा सकेगा।
15 करोड रुपए का प्रस्ताव पहले अमान्य किया
नगर निगम ने पूर्व में रक्षा मंत्रालय से छावनी क्षेत्र की 38 हजार की आबादी, 256 कर्मचारी, बोर्ड ऑफिस, 2478 एकड भूमि आदि की भविष्य में देखरेख करने के लिए प्रस्ताव बनाकर डिमांड की थी। इसमें 15 करोड रुपए की एक मुश्त राशि मांगी गई थी लेकिन रक्षा मंत्रालय इस पर तैयार नहीं हुआ। इसके बाद निगम ने बडागांव के अंदर और हाईवे किनारे टोल प्लाजा के पास की जगह का प्रस्ताव बनाकर दिया है।
250 एकड भूमि मांगी है
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के साथ छावनी क्षेत्र के विलय को लेकर बैठक हुई थी। निगम ने अपना प्रस्ताव दिया है कि बडागांव के अंदर और हाईवे पर टोल प्लाजा के पास की जमीन निगम को दी जाए तभी आगे की कार्रवाई हो सकेगी। यह जमीन 250 एकड है।
हर्ष सिंह, आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *