इंजीनियरिंग छात्र ने अपने कमरे में लगाई फांसी
ग्वालियर. एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपने ही फ्लैट के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की है। घटना का पता सोमवार की सुबह उस वक्त चला जब छात्र कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। दोस्त व परिजन पहुंचे तो अन्दर दृश्य दिल दहला देने वाला था।
घटना सिटीसेंटर स्थित गार्डन्स होम के अलकापुरी की है। घटना की खबर मिलते ही दोपहर 12 बजे विश्वविद्यालय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस पहुंचा दिया है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया पुलिस इसकी जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
दोपहर तक नहीं मिला था सुसाइड नोट
पुलिस ने छात्र के रूम की अच्छे से छानबीन की है, लेकिन दोपहर तक सुसाइड नोट नहीं मिला था। पुलिस को आशंका है कि छात्र ने सुसाइड नोट जरुर छोड़ा होगा। पुलिस ने उसका मोबाइल भी निगरानी में लिया है। आजकल डिजिटल युग में कहीं डिजिटल सुसाइड नोट न हो। साथ ही पुलिस चेक कर रही है कि छात्र की आखिरी बार किससे बात हुई थी।
किसी को नहीं होने दिया आभास कि वह जान देने वाला है
छात्र ने अपने आसपास किसी को यह आभास नहीं होने दिया कि वह ऐसा कोई कदम उठाने वाला है। उसके दोस्तों का भी कहना है कि उनसे भी उसकी सामान्य ही बातचीत हुई थी। जरा भी आशंका होती कि आयुष ऐसा कर सकता है तो उसे जरुर रोक लेते।
पुलिस पढ़ाई और कॉलेज में भी सुराग तलाश रही है
पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को पता लगा है कि मृतक छात्र MITS से इंजीनियरिंग कर रहा था। अब पुलिस उसकी पढ़ाई कैसी चल रही है यह पता लगा रही है। साथ ही यह भी पता कर रही है कि कॉलेज से जुड़ी कोई बात तो नहीं है जिस पर छात्र ने यह कदम उठाया।
