भारत में लॉन्च हुई 100% एथेनॉल कार, खेतों में बने ईंधन से चलेगी
नई दिल्ली. 50 साल पहले यानी 1973 की बात है। अरब और इजराइल के बीच जंग छिड़ी थी। इजराइल का सपोर्ट कर रहे अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों को सऊदी अरब ने पेट्रोलियम की सप्लाई बंद कर दी। इससे दुनियाभर के तेल बाजार में असंतुलन पैदा हो गया। यही वो समय था, जब ब्राजील ने पेट्रोल-डीजल की जगह ईंधन के रूप में एथेनॉल के इस्तेमाल का फैसला किया। आज ब्राजील तेल के मामले में पूरी तरह से आत्मनिर्भर देश हो गया है। एथेनॉल और ब्राजील की ये कहानी हम इसलिए सुना रहे हैं क्योंकि आज केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 100% एथेनॉल फ्यूल पर चलने वाली कार टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस अनवील की है। ये कार दुनिया की पहली इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल का प्रोटोटाइप है। एथेनॉल ईंधन की एक खासियत यह है कि यह तेल के कुओं से नहीं, बल्कि किसानों के खेतों से आता है।
कैसे वह बना एथेनॉल इस्तेमाल करने में नंबर 1 देश
6 अक्टूबर 1973 की बात है। मिस्र और सीरिया ने इजराइल पर हमला कर दिया। इसके साथ ही दूसरी बार अरब देशों के साथ इजराइल की जंग शुरू हो गई। मिस्र समेत 8 अरब देशों जैसे जॉर्डन, इराक, कुवैत, सऊदी अरब, सीरिया, सूडान और अल्जीरिया ने भी इजराइल पर हमला कर दिया। अमेरिका की मदद से सिर्फ 6 दिनों में इजराइल ने इन 8 देशों को जंग हारने के लिए मजबूर कर दिया। अमेरिका से नाराज होकर सऊदी अरब समेत बाकी अरब देशों ने अमेरिका, कनाडा और नीदरलैंड जैसे देशों को तेल एक्सपोर्ट करना बंद कर दिया।
ब्राजील ने आत्मनिर्भर बनाने के लिए नेशनल अल्कोहल प्रोग्राम लॉन्च किया
1973 में अरब देशों के इस फैसले से दुनिया की तेल सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा। इसका असर ब्राजील पर भी पड़ा। 1975 में ब्राजील ने तेल के मामले में खुद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नेशनल अल्कोहल प्रोग्राम लॉन्च किया। ब्राजील ने शुरुआत में गन्ने से एथेनॉल बनाने का काम शुरू किया। फिएट, फॉक्सवैगन, जीएम और फोर्ड जैसी कंपनियों ने एथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां बनानी शुरू कर दीं। जुलाई 1979 में पहली बार फिएट 147 गाड़ी लॉन्च हुई जो पूरी तरह से एथेनॉल से चलने वाली कार थी। महज 6 साल में ब्राजील की कंपनियां 100 में से 75 ऐसी कार बनाने लगीं जो पूरी तरह से एथेनॉल से चलती हों। वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड स्टडी के मुताबिक 2030 तक अनुमान है कि ब्राजील में कुल तेल की डिमांड का 72% हिस्सा बायोफ्यूल होगा। जिस एथेनॉल ईंधन इंडस्ट्री में भारत ने अब एंट्री की है, ब्राजील उसमें चैंपियन है।
