प्रशासन ने गैंगरैप के आरोपियों का गिराया मकान

सतना. मैहर में 12 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप के आरोपियों के घर पर बुलडोजर से ढहा दिये गये। जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार की सुबह पहले आरोपी रविकुमार का मकान ढहाया और इसके बाद टीम आरोपी अतुल कुमार बढोलिया का मकान ढहाने पहुंची तो परिवार की महिलायें सामने आकर खड़ी हो गयी। हाथ जोड़कर कहने लगीं कि वारदात के समय बेटा ड्यूटी पर था। उसे फंसाया जा रहा। पहले मामले की पूरी जांच की जाये। इसके बाद बुलडोजर चलाया जाये। हालांकि प्रशासन ने मकान को गिरा दिया।
शुक्रवार को 12 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप किया गया था। आरोपी बच्ची को जंगल में छोड़ कर भाग गये थे। बच्ची रीवा जिला अस्पताल में भर्ती है। पीडि़ता के बयान के बाद आरोपियों की शिनाख्त भी कराई गयी थी। दोनों आरोपी अतुल और रविकुमार पुलिस हिरासत में है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 10 अगस्त तक के लिये जेल भेज दिया गया है।

हमारे बेटे को फंसाया जा रहा है-आरोपी परिवार
कार्यवाही के दौरान आरोपी अतुल बढ़ोलिया के परिजन ने कहा है कि पहले जांच होनी चाहिये और फिर कार्यवाही करें। उन्होंने तर्क देते हुए कहा है कि जिस समय की वारदात बताई जा रही है। बेटा ड्यूटी पर था। बेटा दोषी है तो उसे फांसी दें दे। लेकिन पहले जांच करें टीम ने परिजन को बताया कि मकान का जितना हिस्सा सरकारी जमीन का कब्जा कर बनाया गया है। उसे ही गिराया जा रहा है।
