पाकिस्तान से अंजू ने ग्वालियर में पिता को किया मैसेज
ग्वालियर. अपने फेसबुक मित्र से मिलने पाकिस्तान जा पहुंची अंजू ने अपने पति ही नहीं ग्वालियर में रह रहे अपने पिता गयाप्रसाद थामस से भी रिश्ता तोड़ लिया है। अंजू के भाई डेविड ने बताया कि पिता ने वाट्सएप वाइस काल के जरिए पाकिस्तान में अंजू से संपर्क करने की कोशिश की थी, जब वाइस काल रिसीव नहीं हुआ तो वाइस मैसेज भेजा कि मुझे तुमसे बात करनी है, लेकिन अंजू ने जवाब नहीं दिया। अंजू ने अगले दिन गुरुवार को पिता को मैसेज भेजा है कि मैं तुम्हारे लिए मर चुकी हूं, मेरा अब आपसे कोई संबंध नहीं है। अब मुझसे संपर्क करने की कोशिश न करें। वहीं अंजू का दुबई कनेक्शन भी खुफिया एजेंसियों को पता लगा है।
पाकिस्तान के रहने वाले जिस नसरुल्लाह से मिलने वह पाकिस्तान पहुंची और वहां निकाह की खबरें सामने आईं, उसके ही करीबी से अंजू की बातचीत के रिकार्ड की पड़ताल चल रही है। यह पूरी पड़ताल गोपनीय तरीके से की जा रही है। उधर अंजू के वीजा एप्लीकेशन फार्म में पाकिस्तान जाने की वजह शादी लिखी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है, वह किसकी शादी के लिए यहां जा रही है। पाकिस्तान से अंजू के निकाह की खबरें, वीडियो और निकाहनामा आना। इसके बाद वीजा एप्लीकेशन फार्म में शादी का उल्लेख, इसे खुफिया एजेंसियां कनेक्ट कर रही हैं।
