स्लीपर की जगह ट्रेनों में लग रहे इकॉनोमी कोच
भोपाल. रेलवे ट्रेनों से अब जनरल कोचों को खत्म करती जा रही है। इसी के तहत ग्वालियर से चलने वाली चार ट्रेनों में स्लीपर की जगह इकॉनोमी कोच लगाए गए है। अभी तक सुशासन एक्सप्रेस के साथ दौड़ एक्सप्रेस में इकॉनोमी कोच लग चुके थे। लेकिन दो दिन पहले ही ग्वालियर से चलने वाली ग्वालियर अहमदाबाद में दो इकॉनोमी और चंबल एक्सप्रेस में एक कोच इकॉनोमी का जोड़ दिया गया है। इकॉनोमी कोच लगने से एसी वाले कोचों की तो संख्या बढऩे लगी है। लेकिन स्लीपर कोच कम होते जा रहे है। ऐसे में इन कोचों से यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी ज्यादा बढ़ती नजर आ रही है। रेलवे अपनी लगभग सभी एलएचबी कोचों वाली ट्रेनों में अब इकॉनोमी कोच लगा रही है। लेकिन लंबी दूरी वाली इन ट्रेनों में काफी संख्या में यात्री जनरल कोच से भी यात्रा करता है। इसके चलते उन यात्रियों की काफी परेशानी बढ़ गई है।
कैसे होते हैं इकॉनोमी कोच
अगर आपकी टिकट पर M लिखा है तो इसका मतलब है कि आपको थर्ड एसी एकोनॉमी में बैठना होगा। अब आप सोच रहे होंगे कि थर्ड एसी के अलावा ये कौनसा कोच है। वैसे आपको बता दें कि यह डिब्बे कुछ ही ट्रेन में जोड़े गए हैं, जिसमें सुविधाएं थर्ड एसी जैसी ही होती है, लेकिन थर्ड एसी से थोड़े अलग होते हैं। इन्हें थर्ड एसी से कम कंफर्टेंबल भी माना जा सकता है और इनका किराया भी थर्ड एसी के किराए से कम होता है।
अगर इकोनॉमी कोच की बात करें तो इसमें ज्यादा सीटें लगती हैं और इससे सीट की साइज और सीटों के बीच रखे गए खाली स्थान पर फर्क पड़ता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 83 बर्थ होते हैं, जबकि नॉर्मल कोच में 72 सीट ही होती है। ऐसे में 72 सीट के स्थान पर 83 सीट को एडजस्ट किया जाता है। यह स्लीपर से एक क्लास ऊपर और थर्ड एसी से एक क्लास नीचे वाले कोच होते हैं। हालांकि, इसमें एसी लगे होते हैं और वैसे थर्ड एसी से मिलते जुलते होते हैं।
